B20 Summit India: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उद्योग जगत से उपभोक्ता अधिकारों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा है। उन्होंने साल में एक दिन ‘अंतरराष्ट्रीय उपभोक्ता सेवा’ दिवस के रूप में मनाने का सुझाव देते हुए कहा है कि उद्योग जगत को उपभोक्ता अधिकारों का जश्न मनाने के बजाय उपभोक्ता केंद्रित बनने पर ध्यान देना चाहिए।
मोदी ने रविवार को यहां B20 (बिजनेस20) भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में त्योहारों का मौसम चंद्रयान-3 के चांद पर पहुंचने के साथ 23 अगस्त को ही शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने टीकों का उत्पादन बढ़ाकर करोड़ों लोगों का जीवन बचाया है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल के दौरान करीब 13.5 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है।
Also read: B20 Summit India: भरोसेमंद आर्थिक वृद्धि के लिए महंगाई को काबू में रखना मेरी प्राथमिकता- सीतारमण
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत ग्लोबल सप्लाई चेन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हमने अफ्रीकी संघ को G20 का स्थायी सदस्य बनने का न्योता दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत हरित ऊर्जा पर विशेष ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि हम ग्रीन हाइड्रोजन में सौर ऊर्जा की सफलता को दोहराने का प्रयास कर रहे हैं। B20 शिखर सम्मेलन का आयोजन 25 से 27 अगस्त तक किया गया है। इस शिखर सम्मेलन का विषय आर.ए.आई.एस.ई. – जिम्मेदार, त्वरित, अभिनव, दीर्घकालीन और न्यायसंगत कारोबार है। इसमें लगभग 55 देशों के 1,500 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।