अर्थव्यवस्था

WPI: महंगाई के मोर्चे पर बड़ी राहत ! थोक महंगाई जनवरी में घटकर 4.73 फीसदी पर

Published by
भाषा
Last Updated- February 14, 2023 | 2:40 PM IST

विनिर्मित वस्तुओं, ईंधन और बिजली की कीमतों में कमी आने से थोक महंगाई जनवरी में लगातार आठवें महीने घटकर 4.73 फीसदी पर आ गई। थोक मूल्य सूचकांक (WPI) आधारित महंगाई दर दिसंबर, 2022 में 4.95 फीसदी और जनवरी, 2022 में 13.68 फीसदी थी। ‍

खाद्य वस्तुओं की महंगाई हालांकि जनवरी में बढ़कर 2.38 फीसदी हो गई। दिसंबर, 2022 में खाद्य वस्तुओं की महंगाई 1.25 फीसदी घटी थी।

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने मंगलवार को कहा, ‘जनवरी, 2023 में महंगाई में गिरावट खनिज तेल, रसायन और उसके उत्पाद, कपड़ा, कच्चे पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस और खाद्य उत्पादों के दाम घटने के कारण आई।’

समीक्षाधीन महीने में दालों की महंगाई 2.41 फीसदी थी, जबकि सब्जियां 26.48 फीसदी सस्ती हुईं। तिलहन की महंगाई जनवरी, 2023 में 4.22 फीसदी घटी।

ईंधन और बिजली क्षेत्र में महंगाई दिसंबर, 2022 में 18.09 फीसदी से कम होकर जनवरी, 2023 में 15.15 फीसदी रह गई। विनिर्मित उत्पादों में यह 2.99 फीसदी रही जबकि दिसंबर, 2022 में यह 3.37 फीसदी रही थी।

First Published : February 14, 2023 | 2:30 PM IST