अर्थव्यवस्था

CNG के दाम में दो दिन में दूसरी बड़ी बढ़ोतरी; दिल्ली-NCR में जेब पर बढ़ा परिवहन का बोझ

वैश्विक संकट और इनपुट लागत बढ़ने के कारण आईजीएल ने दो दिन में दूसरी बार सीएनजी की कीमतें बढ़ा दी हैं, जिससे दिल्ली-एनसीआर में परिवहन बजट प्रभावित होगा

Published by
सुधीर पाल सिंह   
Last Updated- May 17, 2026 | 10:02 PM IST

देश की सबसे बड़ी शहरी गैस वितरण कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने रविवार को अपने पूरे नेटवर्क में कम्प्रेस्ड नैचुरल गैस (सीएनजी) की कीमतों में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की। यह दो दिनों में दूसरी बढ़ोतरी है।

नए दाम आज सुबह 6 बजे से लागू हुए हैं। दिल्ली में सीएनजी के दाम बढ़कर 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम, नोएडा व गाजियाबाद में 88.70 रुपये प्रति किलोग्राम, गुरुग्राम में 85.12 रुपये और मुजफ्फरनगर में 88.58 रुपये प्रति किलोग्राम हो गए हैं। 

बढ़ी हुई कीमतों से निजी वाहन मालिकों, कैब चालकों और सार्वजनिक परिवहन उपयोगकर्ताओं सहित प्रमुख उपभोक्ताओं के परिवहन बजट पर असर पड़ने की आशंका है। सीएनजी परिवहन ईंधन के रूप में पेट्रोल और डीजल के साथ प्रतिस्पर्धा करती है। दरअसल सीएनजी के दाम कम रहते हैं। इसलिए संबंधित उपभोक्ता सीएनजी वाहनों को पसंद करते हैं।

आईजीएल ने 17 मई को सुबह 6 बजे से सीएनजी की खुदरा बिक्री कीमत में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की है। आईजीएल ने बयान में कहा, ‘सीएनजी की खुदरा  कीमतों में यह संशोधन केवल इनपुट गैस की लागत में वृद्धि और अमेरिकी डॉलर के भारी मूल्य वृद्धि के प्रभाव को मामूली रूप से संतुलित करने के लिए किया गया है।’

इसमें कहा गया कि दाम में बदलाव किए जाने के बाद भी सीएनजी मौजूदा कीमतों पर वैकल्पिक ईंधन पर चलने वाले वाहनों की तुलना में परिचालन लागत में 45 प्रतिशत तक की बचत प्रदान करेगी। आईजीएल ने शुक्रवार को सीएनजी की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की थी। इसके बाद दिल्ली में ईंधन की दर बढ़कर 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई थी।

पश्चिम एशिया में जारी संकट ने महत्त्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाली ऊर्जा आपूर्ति को बाधित कर दिया है। इससे भारत जैसे उन देशों के लिए ऊर्जा संकट पैदा हो गया है जो अपनी घरेलू ऊर्जा मांग को पूरा करने के लिए आयात पर अत्यधिक निर्भर हैं। भारत की लगभग 60 प्रतिशत प्राकृतिक गैस आपूर्ति इसी स्ट्रेट से होकर गुजरती है।

आईजीएल ने हाल ही में वाहन ईंधन के दामों में दो बार वृद्धि की है। इससे पहले, देश की तीन तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने चार साल के अंतराल के बाद पिछले सप्ताह नियमित गैर-ब्रांडेड पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की थी। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद पाइप नैचुरल गैस (पीएनजी) की घरेलू कीमतें 1 अप्रैल से अपरिवर्तित हैं। दिल्ली में घरेलू पीएनजी की कीमत 47.90 रुपये प्रति मानक घन मीटर (एससीएम) है।

First Published : May 17, 2026 | 10:02 PM IST