अर्थव्यवस्था

हर महीने लाखों लोग जुड़ रहे EPFO से! जानिए किस राज्य के लोगों ने मारी बाजी

18-25 साल के युवाओं और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, महाराष्ट्र टॉप पर - जानिए कौन-कौन से सेक्टर में हो रहा है सबसे ज्यादा जुड़ाव

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- March 20, 2025 | 6:43 PM IST

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने जनवरी 2025 में 1,78,900 नए सदस्य अपने साथ जोड़े हैं। यह पिछले साल जनवरी के मुकाबले 11.67% ज्यादा है। श्रम मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। दिसंबर 2024 के मुकाबले भी नए सदस्यों की संख्या में 11.48% की बढ़त दर्ज की गई है।

जनवरी में EPFO से 8,23,000 नए लोग जुड़े। ये पिछले साल के मुकाबले 1.87% ज्यादा है। सबसे ज्यादा नए लोग 18 से 25 साल की उम्र के हैं। इस उम्र के करीब 4,70,000 लोग जुड़े, जो कुल नए सदस्यों का करीब 57% है। इस उम्र के लोगों की संख्या में भी 3.07% की बढ़त हुई है।

18 से 25 साल के युवाओं का नेट जुड़ाव करीब 7,27,000 रहा, जो दिसंबर 2024 के मुकाबले 6.19% और पिछले साल के मुकाबले 8.15% ज्यादा है। इससे साफ है कि नौकरी करने वाले ज्यादातर नए लोग युवा हैं, जो पहली बार नौकरी कर रहे हैं।

नौकरी बदलने के बाद दोबारा जुड़े 1.5 लाख लोग

करीब 1,50,300 लोग ऐसे रहे जिन्होंने नौकरी बदलने के बाद फिर से EPFO में खुद को शामिल किया है। यह पिछले साल के मुकाबले 23.55% ज्यादा है। इन लोगों ने अपना फंड निकालने के बजाय EPFO में ही ट्रांसफर करवाया ताकि उनका पैसा सुरक्षित रहे और रिटायरमेंट के लिए बचत बनी रहे।

महिलाओं की भागीदारी में भी बढ़त

जनवरी में 2,17,000 नई महिलाएं EPFO से जुड़ीं। यह पिछले साल के मुकाबले 6% ज्यादा है। कुल मिलाकर महिलाओं का नेट जुड़ाव 3,44,000 रहा, जिसमें 13.5% की बढ़त देखी गई। यह दिखाता है कि अब महिलाओं की भागीदारी भी संगठित नौकरी के क्षेत्र में बढ़ रही है।

महाराष्ट्र सबसे आगे, 5 राज्यों का बड़ा योगदान

राज्य के हिसाब से देखा जाए तो महाराष्ट्र सबसे आगे है। जनवरी में जितने लोग EPFO से जुड़े, उनमें से 22.77% महाराष्ट्र से हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना से भी अच्छा जुड़ाव देखने को मिला। कुल मिलाकर 5 बड़े राज्यों का करीब 60% योगदान रहा।

सुरक्षा सेवाएं और फाइनेंस सेक्टर में बढ़त

उद्योग के हिसाब से देखा जाए तो सबसे ज्यादा लोग सुरक्षा सेवाएं, मैनपावर सप्लाई, ठेकेदारी, फाइनेंस और ट्रांसपोर्ट जैसे सेक्टर से जुड़े। इनमें से करीब 40% नए लोग मैनपावर और सुरक्षा सेवाओं से जुड़े हुए हैं।

EPFO के आंकड़े हर महीने अपडेट होते हैं

EPFO ने बताया है कि ये आंकड़े शुरुआती हैं और हर महीने अपडेट किए जाते हैं। अप्रैल 2018 से EPFO हर महीने डेटा जारी कर रहा है, जिसमें यह देखा जाता है कि कितने लोग पहली बार EPFO से जुड़े, कितने लोग नौकरी छोड़कर EPFO से बाहर हुए और कितने लोग दोबारा जुड़ गए।

First Published : March 20, 2025 | 6:39 PM IST