अर्थव्यवस्था

Forex Reserve: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 4.8 अरब डॉलर घटा, ऑलटाइम हाई से नीचे आया

Forex Reserve: देश का विदेशी मुद्रा भंडार नौ अगस्त को समाप्त सप्ताह में 4.8 अरब डॉलर घटकर 670.119 अरब डॉलर रह गया।

Published by
भाषा   
Last Updated- August 16, 2024 | 6:12 PM IST

Forex Reserve: देश का विदेशी मुद्रा भंडार नौ अगस्त को समाप्त सप्ताह में 4.8 अरब डॉलर घटकर 670.119 अरब डॉलर रह गया। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को बताया, इससे पिछले सप्ताह की समाप्ति पर यह 7.533 अरब अमेरिकी डॉलर बढ़कर 674.919 अरब अमेरिकी डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

RBI की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, नौ अगस्त को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 4.079 अरब डॉलर घटकर 587.96 अरब डॉलर रह गईं।

डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।

समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार की कीमत 86 करोड़ डॉलर घटकर 59.239 अरब डॉलर रह गई।

विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 12.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.282 अरब डॉलर हो गए।

आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित जमा 1.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.638 अरब डॉलर हो गया।

First Published : August 16, 2024 | 6:12 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)