अर्थव्यवस्था

Forex Reserves: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार चौथे हफ्ते बढ़कर रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा, गोल्ड रिजर्व में भी इजाफा

6 सितंबर को समाप्त सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार 90 लाख डॉलर बढ़कर 4.63 अरब डॉलर हो गया।

Published by
भाषा   
Last Updated- September 13, 2024 | 6:15 PM IST

देश का विदेशी मुद्रा भंडार छह सितंबर को समाप्त सप्ताह में 5.25 अरब डॉलर बढ़कर 689.23 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 2.29 अरब डॉलर बढ़कर 683.99 अरब डॉलर हो गया था।

रिजर्व बैंक के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, छह सितंबर को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 5.11 अरब डॉलर बढ़कर 604.14 अरब डॉलर हो गईं।

डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।

समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 12.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 61.99 अरब डॉलर हो गया।

विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 40 लाख डॉलर बढ़कर 18.47 अरब डॉलर हो गया।

इसी सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार 90 लाख डॉलर बढ़कर 4.63 अरब डॉलर हो गया।

First Published : September 13, 2024 | 6:14 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)