अर्थव्यवस्था

RBI महंगाई दर को 4% पर लाने के लिए प्रतिबद्ध: गवर्नर दास

Inflation in India: सरकार ने RBI को महंगाई को 4% पर रखने की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसमें ऊपर-नीचे की ओर 2% तक घट-बढ़ हो सकती है।

Published by
भाषा   
Last Updated- September 05, 2023 | 7:18 PM IST

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय बैंक महंगाई को चार प्रतिशत पर लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि RBI जोखिमों पर नजर रखेगा, क्योंकि कीमतों के प्रबंधन पर कई बार वैश्विक आपूर्ति से संबंधित झटके लग सकते हैं।

दास ने दिल्ली स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स में एक व्याख्यान में कहा कि केंद्रीय बैंक यह सुनिश्चित करने के लिए सतर्क है कि महंगाई के संबंध में एक घटना का दूसरी घटना पर और ऐसे ही क्रमिक प्रभाव (सेकंड ऑर्डर इफेक्ट) न पड़ सकें। सरकार ने केंद्रीय बैंक को महंगाई को चार प्रतिशत पर रखने की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसमें ऊपर-नीचे की ओर दो प्रतिशत तक घट-बढ़ हो सकती है।

Also read: अगले कुछ महीनों में महंगाई ऊंची रहेगी, सरकारी नीतियां इसे और बढ़ने से रोकेंगी: S&P

खाद्य कीमतों पर हनारी नजर- गवर्नर दास

गवर्नर ने कहा, ‘‘बार-बार खाद्य कीमतों का झटका लगने की घटनाएं महंगाई के स्थिर होने में जोखिम पैदा करती हैं। ऐसा फरवरी 2022 से चल रही है। हम इस पहलू पर भी नजर रखेंगे।’’ उन्होंने कहा कि खाद्य वस्तुओं की महंगाई की गंभीरता और अवधि को सीमित करने में सरकार द्वारा लगातार और समय पर किए गए आपूर्ति पक्ष के हस्तक्षेप महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में मूल्य स्थिरता के लिए किसी भी जोखिम के प्रति सतर्क रहना होगा और समय पर उचित कदम उठाने जरूरी हैं।

दास ने कोई समयसीमा बताए बिना कहा, ‘‘हम महंगाई को चार प्रतिशत के लक्ष्य पर लाने के लिए मजबूती से ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।’’ उन्होंने यह भी कहा कि सब्जियों की कीमतों की वजह से जुलाई में महंगाई 7.4 प्रतिशत पर पहुंची गई थी, लेकिन अब यह घटने लगी है।

First Published : September 5, 2023 | 7:18 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)