अर्थव्यवस्था

मई में GST कलेक्शन 3.2% बढ़कर ₹1.94 लाख करोड़, घरेलू मांग में मजबूती का असर

वस्तुओं और सेवाओं की कर योग्य आपूर्ति में दोहरे अंकों की वृद्धि तथा आयात से मिलने वाले IGST में बढ़ोतरी के दम पर मई में ग्रॉस GST कलेक्शन बढ़ा।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- June 01, 2026 | 12:49 PM IST

GST Collection May 2026: मई में जीएसटी (वस्तु एंव सेवाएं) कलेक्शन 3.2% बढ़कर 1.94 लाख करोड़ रुपये हो गया। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति में सुधार व आयात से होने वाली वसूली में लगातार बढ़ोतरी के चलते मई में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन बढ़ा है। मई 2025 में जीएसटी कलेक्शन 1.88 लाख करोड़ रुपये रहा था।

आंकड़ों के मुताबिक, समीक्षाधीन महीने में घरेलू लेनदेन से केंद्रीय जीएसटी (CGST) कलेक्शन 37,397 करोड़ रुपये, राज्य जीएसटी (SGST) कलेक्शन 45,143 करोड़ रुपये और एकीकृत जीएसटी (IGST) कलेक्शन 51,990 करोड़ रुपये रहा। इस अवधि में टैक्सेबल वस्तुओं की आपूर्ति 26.9 फीसदी बढ़ी, जो घरेलू मांग में मजबूती को दर्शाती है। वहीं, सेवाओं की टैक्सेबल आपूर्ति में 22.2 फीसदी की वृद्धि हुई, जो घरेलू खपत की स्ट्रकचरल मजबूती को दिखाती है।

GST रिफंड 2.6% बढ़कर ₹27,281 करोड़

आंकड़ों के मुताबिक, मई में आयात से प्राप्त आईजीएसटी कलेक्शन 19.1 फीसदी बढ़कर 59,654 करोड़ रुपये हो गया, जो औद्योगिक क्षमता के विस्तार का संकेत है। वस्तु एवं सेवा कर (GST) रिफंड 2.6 फीसदी बढ़कर 27,281 करोड़ रुपये हो गया। रिफंड एडजस्ट के बाद मई में शुद्ध जीएसटी राजस्व 3.3 फीसदी बढ़कर लगभग 1.67 लाख करोड़ रुपये रहा। इससे पहले अप्रैल में जीएसटी कलेक्शन 2.43 लाख करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

बता दें, नवंबर 2025 से वित्त मंत्रालय ने कुल जीएसटी आंकड़ों से उपकर (Cess) प्राप्तियों को अलग कर दिया है। मंत्रालय ने यह तर्क देते हुए इसे अलग किया कि क्षतिपूर्ति उपकर एक अस्थायी व्यवस्था है।

एजेंसी इनपुट के साथ

First Published : June 1, 2026 | 12:45 PM IST