अर्थव्यवस्था

IIP Data Feb 2023 : फरवरी में औद्योगिक उत्पादन 5.6 फीसदी बढ़ा

Published by
भाषा
Last Updated- April 12, 2023 | 7:29 PM IST

भारत का औद्योगिक उत्पादन (Industrial Production) फरवरी 2023 में 5.6 फीसदी बढ़ा है। बुधवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।

औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) के आधार पर मापा जाने वाला औद्योगिक उत्पादन फरवरी 2022 में 1.2 फीसदी बढ़ा था। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) के आंकड़ों के अनुसार, विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन इस साल फरवरी में 5.3 प्रतिशत रहा।

इसके अलावा आलोच्य महीने में खनन उत्पादन 4.6 प्रतिशत और बिजली उत्पादन में 8.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।

पूंजीगत वस्तुओं के उत्पादन में फरवरी में 10.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि एक साल पहले इसी महीने में इसमें 1.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। टिकाऊ उपभोक्ता क्षेत्र का उत्पादन आलोच्य महीने में चार प्रतिशत बढ़ा जबकि एक साल पहले फरवरी महीने में इसमें 9.7 प्रतिशत की गिरावट आई थी।

गैर-टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं का उत्पादन फरवरी में 12.1 प्रतिशत बढ़ा जबकि एक साल पहले इसी महीने में इसमें 6.8 प्रतिशत की गिरावट आई थी।

बुनियादी ढांचा/निर्माण वस्तुओं के क्षेत्र में 7.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि एक साल पहले इसी महीने में इसमें 8.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। आंकड़ों के अनुसार प्राथमिक वस्तुओं के उत्पादन में इस साल फरवरी में 6.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि एक साल पहले इसी महीने में 4.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

मध्यवर्ती वस्तुओं के उत्पादन में आलोच्य महीने में 0.3 प्रतिशत की गिरावट आई जबकि एक साल पहले इसी महीने में इसमें 4.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। बीते वित्त वर्ष 2022-23 के पहले 11 महीनों (अप्रैल-फरवरी) में औद्योगिक उत्पादन 5.5 प्रतिशत रहा जो एक साल पहले इसी अवधि में 12.5 प्रतिशत था।

First Published : April 12, 2023 | 6:13 PM IST