अर्थव्यवस्था

भारत की आर्थिक वृद्धि दर 2024-25 में 7 प्रतिशत रहने का अनुमान, RBI गवर्नर ने WEF की बैठक में दिया बयान

गनर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक व्यापक आर्थिक माहौल के बीच, भारत वृद्धि और स्थिरता की मिसाल पेश कर रहा है।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 18, 2024 | 5:59 PM IST

भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बुधवार को कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था अगले वित्त वर्ष 2024-25 में सात प्रतिशत की दर से बढ़ सकती है। साथ ही महंगाई में नरमी जारी रहने की उम्मीद है।

दास ने कहा कि हाल के वर्षों में सरकार ने जो संरचनात्मक सुधार किए, उनसे भारतीय अर्थव्यवस्था की मध्यम, दीर्घकालिक वृद्धि संभावनाओं को बल मिला। चुनौतीपूर्ण वैश्विक व्यापक आर्थिक माहौल के बीच, भारत वृद्धि और स्थिरता की मिसाल पेश कर रहा है।

उन्होंने विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक के दौरान ‘उच्च वृद्धि, कम जोखिम: भारत की कहानी’ विषय पर आयोजित सीआईआई सत्र में कहा कि वैश्विक आर्थिक मोर्चे पर मुद्रास्फीति में गिरावट हुई है, लेकिन वृद्धि दर कम बनी हुई है।

दास ने कहा कि बाजारों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है, हालांकि अंतरराष्ट्रीय जोखिम और जलवायु जोखिम बने हुए हैं। आरबीआई गवर्नर ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में भारत की जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहने की उम्मीद है।

First Published : January 17, 2024 | 7:34 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)