अर्थव्यवस्था

Forex Reserve: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 3.82 अरब डॉलर बढ़कर फिर 700 अरब डॉलर के पार

पश्चिम एशिया संघर्ष की शुरुआत से पहले इस साल 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार 728.49 अरब डॉलर के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया था

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- April 17, 2026 | 6:26 PM IST

Forex Reserve: देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान 3.82 अरब डॉलर बढ़कर 700.94 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह कहा। इससे पहले तीन अप्रैल को समाप्त सप्ताह में कुल भंडार 9.06 अरब डॉलर बढ़कर 697.12 अरब डॉलर रहा था।

रुपये पर दबाव से घटा था विदेशी मुद्रा भंडार

पश्चिम एशिया संघर्ष की शुरुआत से पहले इस साल 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार 728.49 अरब डॉलर के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया था। हालांकि, संघर्ष के कारण रुपये पर दबाव बढ़ा और आरबीआई को विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर की बिक्री के जरिये हस्तक्षेप करना पड़ा, जिससे लगातार कई हफ्तों तक भंडार में गिरावट देखी गई थी।

Also Read: अक्षय तृतीया 2026: Gold ETF या Gold Fund– कहां लगाएं पैसा, आपके लिए कौन सा है सही?

FCA 3.12 अरब डॉलर बढ़ा

केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार 10 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के लिए, विदेशी मुद्रा भंडार का एक प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (FCA) 3.12 अरब डॉलर बढ़कर 555.98 अरब डॉलर पर रही। डॉलर के रूप में व्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर अमेरिकी मुद्राओं की तेजी या गिरावट के प्रभाव को भी शामिल किया जाता है।

गोल्ड रिजर्व में भी इजाफा

आरबीआई ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान गोल्ड रिजर्व का मूल्य 60.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 121.34 अरब डॉलर हो गया। विशेष आहरण अधिकार (SDR) 5.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.76 अरब डॉलर रहा।

आंकड़ों के मुताबिक समीक्षाधीन सप्ताह के अंत में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास भारत की आरक्षित स्थिति 4.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.85 अरब डॉलर रही।

(PTI इनपुट के साथ)

First Published : April 17, 2026 | 6:26 PM IST