अर्थव्यवस्था

India-UAE Trade- भारत का UAE को निर्यात चालू वित्त वर्ष में हो सकता है 31 अरब डॉलर के पार

जून 2022 से जनवरी 2023 के दौरान भारत का गैर-तेल निर्यात पांच फीसदी बढ़कर 15.2 अरब डॉलर हो गया और इस दौरान आयात तीन फीसदी बढ़कर 16.8 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया

Published by
भाषा
Last Updated- February 17, 2023 | 4:32 PM IST

भारत का संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को निर्यात चालू वित्त वर्ष में 31 अरब डॉलर से अधिक हो सकता है। गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच पिछले साल एक मई को मुक्त व्यापार समझौता (FTA) लागू हुआ था।

एक अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष में रत्न और आभूषण, मशीनरी और वाहन जैसे क्षेत्रों की मजबूत मांग के कारण निर्यात में यह वृद्धि होने की उम्मीद है।

सरकारी अधिकारी ने कहा कि समझौता UAE के लिए अपना निर्यात बढ़ाने में भारत की मदद कर रहा है।

जानकारी के मुताबिक जून 2022 से जनवरी 2023 के दौरान भारत का गैर-तेल निर्यात पांच फीसदी बढ़कर 15.2 अरब डॉलर हो गया, जबकि इससे पिछले साल की समान अवधि में यह 14.5 अरब डॉलर था। इस दौरान आयात तीन फीसदी बढ़कर 16.8 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। इससे पहले 2016-17 में UAE को भारत का निर्यात 31.2 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया था।

व्यापार समझौते के तहत रियायती शुल्क लाभ का लाभ उठाने के लिए निर्यातकों को जनवरी में 6,057 मूल प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं। मूल प्रमाण पत्र उन देशों को निर्यात के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिनके साथ भारत के व्यापार समझौते हैं।

First Published : February 17, 2023 | 4:32 PM IST