अर्थव्यवस्था

508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे प्रधानमंत्री

PMO ने कहा कि उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के महत्त्व को प्राथमिकता दी है।

Published by
भाषा   
Last Updated- August 04, 2023 | 10:21 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ‘ऐतिहासिक’ पहल के तहत 6 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए देश भर के 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शुक्रवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

प्रधानमंत्री जिन रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे, उनमें उत्तर प्रदेश और राजस्थान के 55-55, बिहार के 49, महाराष्ट्र के 44, पश्चिम बंगाल के 37, मध्य प्रदेश के 34, असम के 32, ओडिशा के 25, पंजाब के 22, गुजरात और तेलंगाना के 21-21, झारखंड के 20, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के 18-18 स्टेशन शामिल हैं। इनमें हरियाणा के 15 और कर्नाटक के 13 स्टेशन भी शामिल हैं।

पीएमओ ने कहा कि इस पुनर्विकास परियोजना की लागत 24,470 करोड़ रुपये होगी और इससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान होंगी। पीएमओ ने कहा कि मोदी अक्सर अत्याधुनिक सार्वजनिक परिवहन के प्रावधान पर जोर देते हैं और रेलवे लोगों के परिवहन का पसंदीदा साधन है।

Also read: भारत में मंडरा रहा है महंगाई का खतरा! वित्त मंत्रालय ने जारी की अपनी आर्थिक समीक्षा रिपोर्ट

पीएमओ ने कहा कि उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के महत्त्व को प्राथमिकता दी है। बयान में कहा गया है कि इस दृष्टिकोण से निर्देशित होकर 1,309 स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ शुरू की गई।

इस योजना के हिस्से के रूप में, प्रधानमंत्री द्वारा 508 स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए आधारशिला रखी जा रही है। पीएमओ ने कहा, ‘इन स्टेशनों का पुनर्विकास 24,470 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया जाएगा। शहर के दोनों किनारों के एकीकरण के साथ इन स्टेशनों को ‘सिटी सेंटर’ के रूप में विकसित करने की योजना है।

First Published : August 4, 2023 | 10:21 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)