अर्थव्यवस्था

सोने के आयात में अब तक की सबसे बड़ी तेजी! नवंबर में देश का व्यापार घाटा 37.8 अरब डॉलर के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा

नवंबर महीने में आयात 27 प्रतिशत बढ़कर 69.95 अरब डॉलर हो गया जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 55.06 अरब डॉलर था।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- December 16, 2024 | 4:32 PM IST

Trade Deficit at record high: भारत को आर्थिक मोर्चे पर बड़ा झटका लगा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर में देश का व्यापार घाटा रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। इसकी वजह निर्यात में गिरावट और सोने के आयात में रिकॉर्ड तेजी रही।

नवंबर में, वस्तुओं का निर्यात सालाना आधार पर 4.85 प्रतिशत घटकर 32.11 अरब डॉलर रह गया है। पिछले साल की समान अवधि में 33.75 अरब डॉलर का निर्यात हुआ था।

सोने का आयात रिकॉर्ड हाई पर

सोमवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर महीने में आयात 27 प्रतिशत बढ़कर 69.95 अरब डॉलर हो गया जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 55.06 अरब डॉलर था। बीते महीने, आयात की गई वस्तुओं में सोने की अहम भूमिका रही। इस दौरान सोने का आयात 14.8 अरब डॉलर के साथ अबतक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।

Also read: Gold Prices: लगातार तीसरे दिन गिरा सोना, 2 हजार से ज्यादा हुआ सस्ता, MCX पर भाव आया 77 हजार के नीचे

देश का व्यापार घाटा 37.8 अरब डॉलर के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा

समीक्षाधीन माह में देश का व्यापार घाटा यानी आयात और निर्यात के बीच का अंतर बढ़कर 37.84 अरब डॉलर के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। इस साल अक्टूबर में देश का निर्यात 17.25 प्रतिशत बढ़कर 39.2 अरब डॉलर रहा था। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-नवंबर के दौरान निर्यात कुल 2.17 प्रतिशत बढ़कर 284.31 अरब डॉलर रहा है, जबकि जबकि आयात 8.35 प्रतिशत बढ़कर 486.73 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।

(PTI के इनपुट के साथ)

First Published : December 16, 2024 | 4:07 PM IST