भारत

बंगाल में घुसपैठ रोकने के लिए BSF को दी जाएगी सीमा पर बाड़ की जमीन, राज्य सरकार ने लिया फैसला

अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल बांग्लादेश के साथ 2,216.7 किलोमीटर की सीमा साझा करता है, जिसमें से लगभग 569 किलोमीटर की सीमा पर बाड़ नहीं लगी है

Published by
भाषा   
Last Updated- May 11, 2026 | 10:39 PM IST

पश्चिम बंगाल में सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में घुसपैठ रोकने के उद्देश्य से सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को जमीन देने की योजना लागू करने पर फैसला हो गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बांग्लादेश के साथ देश की खुली सीमाओं को सील करने और अवैध सीमा पार प्रवासन पर अंकुश लगाने के वादे को लागू करते हुए अधिकारी मंत्रिमंडल ने अपनी पहली ही बैठक में सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को भूमि हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने को मंजूरी दे दी।

अधिकारी ने कहा, ‘हस्तांतरण प्रक्रिया तत्काल शुरू होगी और मंत्रिमंडल ने मुख्य सचिव व राज्य के भूमि एवं भू राजस्व विभाग के सचिव को अगले 45 दिनों के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का अधिकार दिया है।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेता के रूप में उनके पिछले कार्यकाल के दौरान प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीमा पर बाड़ लगाने के कार्य को पूरा करने के लिए आवश्यक लगभग 90 प्रतिशत भूमि पहले से ही राज्य द्वारा अधिगृहित की जा चुकी है।

अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल बांग्लादेश के साथ 2,216.7 किलोमीटर की सीमा साझा करता है, जिसमें से लगभग 569 किलोमीटर की सीमा पर बाड़ नहीं लगी है। अधिकारी ने सोमवार को कई अन्य महत्त्वपूर्ण प्रशासनिक और नीतिगत उपायों की भी घोषणा की। इनमें राज्य को केंद्र की आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना में शामिल करना और बीएनएस आपराधिक कानून को लागू करना शामिल है।  

First Published : May 11, 2026 | 10:33 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)