Suvendu Adhikari to take oath today. (File Photo)
Bengal CM Oath Ceremony: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक दिन माना जा रहा है। भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए शुभेंदु अधिकारी आज राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुबह 11 बजे होने वाले इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
भाजपा विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया। बैठक में मौजूद वरिष्ठ नेताओं और नवनिर्वाचित विधायकों ने उनके नाम का समर्थन किया। अमित शाह ने इसे बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव बताते हुए कहा कि विधायक दल की बैठक में आठ प्रस्ताव रखे गए, लेकिन सभी में सिर्फ शुभेंदु अधिकारी का ही नाम सामने आया।
मुख्यमंत्री पद की शपथ से पहले शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार विधानसभा चुनाव में किए गए सभी वादों को पूरा करेगी और बंगाल के विकास के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करेगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि नई सरकार व्यक्तिगत नेतृत्व नहीं बल्कि सामूहिक नेतृत्व के आधार पर काम करेगी।
भाजपा ने ममता बनर्जी को भी शपथ ग्रहण समारोह का न्योता भेजा है। वहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी कोलकाता पहुंच चुकी हैं। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा समेत कई बड़े नेता समारोह में शामिल होने के लिए शहर पहुंच रहे हैं।
अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नई सरकार बनने के कुछ महीनों के भीतर ही सिंडिकेट, भ्रष्टाचार, हिंसा और कट मनी की संस्कृति खत्म कर दी जाएगी।
शुभेंदु अधिकारी ने यह भी घोषणा की कि पिछली सरकार के दौरान भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों की जांच के लिए रिटायर्ड जजों की अध्यक्षता में आयोग बनाए जाएंगे।
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस मौके को भाजपा और बंगाल दोनों के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि जनता ने कथित जनविरोधी सरकार को नकार दिया है और अब शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बंगाल नई दिशा में आगे बढ़ेगा।