Weather: Smog in Delhi
Delhi AQI Today: दिवाली का त्योहार करीब आते ही दिल्ली वालों को प्रदूषण के मामले में कुछ राहत मिलती दिखाई दे रही है। आज, 26 अक्टूबर 2024, को दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI)में सुधार देखने को मिला है, जबकि कल यानी 25 अक्टूबर 2024 को यह 283 था। यानी, प्रदूषण के स्तर में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन दिल्ली की हवा अभी भी ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जैसे-जैसे दिवाली करीब आएगी, प्रदूषण का स्तर फिर से खराब हो सकता है।
शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी में अनुकूल हवाओं के चलते वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार हुआ, लेकिन वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) अब भी ‘खराब’ कैटेगरी में बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का AQI सुबह 9 बजे 227 था, जबकि शुक्रवार सुबह ये 281 था। शाम 4 बजे तक 24 घंटे का औसत AQI 270 दर्ज किया गया।
राजधानी में लगातार दूसरे दिन हवा की क्वालिटी बेहतर हुई है। पिछले चार दिनों तक AQI ‘बेहद खराब’ श्रेणी में था, लेकिन अब इसमें कुछ सुधार देखने को मिल रहा है। हालांकि, मुंडका और आनंद विहार जैसे इलाकों में शनिवार को भी AQI ‘बेहद खराब’ कैटेगरी में ही दर्ज हुआ।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (EWS) के मुताबिक, अगले एक-दो दिन तक हवा अनुकूल रह सकती है। लेकिन इसके बाद मौसम की प्रतिकूल स्थिति के कारण 2-3 दिनों में फिर से प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है। अनुमान लगाया जा रहा है कि 31 अक्टूबर तक AQI 400 तक पहुंच सकता है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।
शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 18.6°C दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 1 डिग्री ज्यादा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सुबह 8:30 बजे राजधानी में आर्द्रता का स्तर 68% था। दिन में आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 34°C के आसपास रह सकता है।