Delhi Floods: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहर में यमुना नदी के पानी के उच्चतम स्तर 207.55 मीटर पर पहुंच जाने के बाद बुधवार को एक आपात बैठक बुलाई है। बढ़ते जलस्तर से शहर में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है।
दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि बैठक दिल्ली सचिवालय में होगी जिसमें सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रीय राजधानी में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण निचले इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
बता दें कि दिल्ली में यमुना के 205.33 मीटर जल स्तर को खतरे का निशान माना जाता है। दिल्ली सरकार ने यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार करने के बाद मंगलवार से यमुना किनारे रह रहे लोगों को शिफ्ट करना शुरू कर दिया है। सरकारी अनुमान के मुताबिक 41 हजार लोग यमुना के किनारे रह रहे हैं। दिल्ली सरकार ने इनको दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए 6 जिलों में करीब 2500 शिविर बनाए हैं। इनमें लोगों के रहने और भोजन की व्यवस्था की गई है।
ये भी पढ़ें : Delhi Floods: खतरे के निशान से ऊपर यमुना, किनारे रह रहे लोग होंगे शिफ्ट