Building collapsed in the Mahendru Enclave of Model Town area (ANI)
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में दोपहर बाद हुई भारी बारिश के दौरान दो मंजिला एक मकान ढह गया। मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका के मद्देनजर बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना अपराह्न करीब दो बजकर 45 मिनट पर महेंद्रू एन्क्लेव में हुई, जहां पुराने मकान की मरम्मत का काम जारी था। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान के लिए दमकल की तीन गाड़ियों को सेवा में लगाया गया है।
स्थानीय पुलिस और बचाव दल के अन्य सदस्यों की मदद से तीन लोगों को मलबे से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने बताया कि उनमें से दो की हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि बचाव अभियान अब भी जारी है, क्योंकि कुछ और लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।