Weather: Winter fog in Delhi
Delhi Weather Today: राजधानी की हवा में शनिवार सुबह स्मॉग और कोहरे का घना असर दिखा। हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा, लेकिन न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी से ठंड की मार झेल रहे लोगों को थोड़ी राहत मिली।
मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। दोनों दिन सुबह के समय घने या मध्यम स्तर के कोहरे के साथ स्मॉग का असर बरकरार रहने की संभावना है। शनिवार को दिन में आसमान साफ रहेगा, लेकिन शाम के वक्त फिर से स्मॉग और हल्के कोहरे की वापसी हो सकती है।
पारा 23 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम और 8 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम स्तर पर रहने का अनुमान है। ठंड और प्रदूषण के इस दौर में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, कोहरे को उसकी घनत्व के आधार पर अलग-अलग स्तरों में बांटा गया है। अगर कोहरा मध्यम स्तर का हो, तो दृश्यता 200 से 500 मीटर के बीच रहती है। वहीं, घने कोहरे की स्थिति में यह घटकर सिर्फ 50 से 200 मीटर तक सिमट जाती है। ऐसे में, वाहन चालकों को सतर्कता बरतने और फॉग लाइन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही, मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि उत्तर-पश्चिम भारत में रविवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
दिल्ली का AQI
दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 299 है, जो “खराब” श्रेणी में आता है। सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों और बच्चों को घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। अन्य लोग भी बाहर की गतिविधियों को सीमित रखें।
दिल्ली में कल, 22 दिसंबर 2024, न्यूनतम तापमान 15.45°C और अधिकतम तापमान 22.75°C रहने की संभावना है। नमी का स्तर 20% रहेगा।
आने वाले वीकेंड में भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने घने कोहरे की चेतावनी दी है, जिससे दृश्यता और भी कम हो सकती है। हालांकि, 26 दिसंबर को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जो जहरीली हवा से थोड़ी राहत दिला सकती है।
दिल्ली अभी ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के चौथे चरण के तहत है, जो सबसे सख्त प्रदूषण नियंत्रण उपाय हैं। इसके तहत निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध और गैर-जरूरी प्रदूषण फैलाने वाले ट्रकों के प्रवेश पर रोक शामिल है।