भारत

DGCA भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे अधिकारी की करेगा प्रारंभिक जांच

भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहा अधिकारी DGCA में उड़ान प्रशिक्षण संगठनों से संबंधित विभाग में था।

Published by
भाषा   
Last Updated- October 29, 2023 | 5:41 PM IST

नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) अपने एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोप की प्रारंभिक जांच करेगी और इसका निष्कर्ष मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। एक सरकारी अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि कथित भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद अधिकारी को DGCA में दूसरे विभाग में स्थानांतरित कर दिया गया है। इस मुद्दे पर DGCA और नागर विमानन मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

सरकारी अधिकारी ने रविवार को कहा कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) के मानदंडों के तहत प्रारंभिक जांच की जाएगी। अधिकारी ने कहा कि अधिकारी प्रारंभिक निष्कर्षों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच करने का निर्णय करेंगे।

खबरों के मुताबिक, भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहा अधिकारी DGCA में उड़ान प्रशिक्षण संगठनों से संबंधित विभाग में था।

First Published : October 29, 2023 | 5:41 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)