दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को राजघाट और प्रगति मैदान का दौरा किया। जी-20 शिखर सम्मेलन 9 से 10 सितंबर तक प्रगति मैदान के नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र ‘भारत मंडपम’ में आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, राजघाट का निरीक्षण करते हुए उपराज्यपाल ने साफ-सफाई और उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उनके साथ मुख्य सचिव नरेश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के दौरान, कई गणमान्य व्यक्ति महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट स्थित उनके स्मारक पर जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि उपराज्यपाल ने शिखर सम्मेलन स्थल भारत मंडपम का भी निरीक्षण किया। इस शिखर सम्मेलन में 30 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, यूरोपीय संघ और आमंत्रित अतिथि देशों के शीर्ष अधिकारी और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के 14 प्रमुखों के शामिल होने की संभावना है।
नई दिल्ली क्षेत्र शुक्रवार सुबह से ही कड़ी सुरक्षा घेरे में आ जाएगा और यातायात को लेकर कई प्रतिबंध लागू हो जाएंगे क्योंकि इसी क्षेत्र में जी-20 सम्मेलन का आयोजन हो रहा है और इसमें भाग लेने वाले कई विदेशी प्रतिनिधि इसी क्षेत्र के होटलों मे रुके हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली जिले में वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा क्योंकि जी-20 शिखर सम्मेलन के कारण इस क्षेत्र को शुक्रवार सुबह 5 बजे से रविवार रात 11.59 बजे तक विनियमित क्षेत्र-प्रथम माना जाएगा। एंबुलेंस के जाने की अनुमति होगी और क्षेत्र के स्थानीय निवासियों और वहां ठहराए गए पर्यटकों को उचित पहचान पत्र दिखाने के बाद जाने की अनुमति दी जाएगी।