केरलम के पालक्काड में राजग की चुनावी रैली को संबोधित करते PM मोदी| फोटो क्रेडिट: PTI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार पश्चिम एशिया युद्ध के भारत पर पड़ने वाले प्रभाव को कम से कम करने के लिए काम कर रही है। केरलम के पालक्काड में राजग की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस की टिप्पणियों को खतरनाक बताकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए विपक्षी दल के बयान खाड़ी में रहने वाले भारतीयों को जोखिम में डाल सकते हैं। मोदी ने कहा कि केरलम के कई लोग संघर्ष-ग्रस्त क्षेत्रों में काम करते हैं। उनकी सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पालक्काड में रैली के बाद प्रधानमंत्री ने त्रिशूर में रोड शो भी किया।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘इस समय सभी का ध्यान पश्चिम एशिया युद्ध पर है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है कि भारत पर इसका प्रभाव कम से कम हो।’ खाड़ी क्षेत्र में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा एवं एलपीजी-तेल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राजनयिक प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए मोदी ने कहा, ‘युद्ध की शुरुआत से ही मैं संबंधित सभी देशों के प्रमुखों के साथ लगातार संपर्क में हूं। सभी राष्ट्र संघर्ष वाले क्षेत्रों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास विदेशों में नागरिकों का समर्थन करने के लिए 24 घंटे काम कर रहे हैं।
चुनावी राज्य केरलम में राजग की रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस को निशाना बनाते हुए कहा, ‘कांग्रेस इस संवेदनशील मुद्दे पर जो टिप्पणियां कर रही है, वे खतरनाक हैं। कांग्रेस चाहती है कि खाड़ी देशों में रहने वाले लगभग एक करोड़ भारतीयों का जीवन जोखिम में डाला जाए, ताकि वह इससे राजनीतिक लाभ उठा सके।’
मोदी का यह बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा पश्चिम एशिया संकट से निपटने के सरकारी तरीके पर हमला करने के कुछ दिनों बाद आया है। पाकिस्तान के अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच मध्यस्थ होने की रिपोर्टों और पश्चिम एशिया संकट पर भारत के रुख के बारे में पूछे जाने पर लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल ने संवाददाताओं से कहा था कि भारत की विदेश नीति प्रधानमंत्री मोदी की व्यक्तिगत विदेश नीति बन गई है। नतीजतन कई लोग इसका मजाक बना रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने केरलम के यूडीएफ और एलडीएफ दोनों गठबंधनों पर भ्रष्टाचार और राजनीतिक अवसरवादिता में लिप्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘दशकों से वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने मिलकर केरलम को लूटा है। कांग्रेस और वामपंथी दल एक-दूसरे पर झूठे आरोप लगाते हैं। लोगों को दोनों से सावधान रहना चाहिए।’ मोदी ने कहा, ‘इस बार केरलम में ‘टीम भाजपा’ और ‘टीम राजग’ मिलकर सरकार बनाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने केरल विधान सभा चुनाव के लिए राजग के प्रचार अभियान के तहत रविवार को त्रिशूर में रोड शो भी किया, जिसमें हजारों लोगों की भीड़ शामिल हुई। स्वराज चौराहे पर जिला अस्पताल के पास से रोड शो शुरू हुआ और शहर के मध्य से होते हुए लगभग 900 मीटर की दूरी तय करते हुए बिनी हेरिटेज होटल के पास समाप्त हुआ। त्रिशूर जिले के प्रमुख राजग उम्मीदवार पद्मजा वेणुगोपाल और के.के. अनीश कुमार भी इसमें शामिल हुए। लोकसभा में त्रिशूर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी भी मोदी के साथ खुले वाहन में मौजूद थे।