उत्तर प्रदेश

योगी सरकार का मेगा प्लान: 12 शहरों में बनेंगे स्किल हब, हर साल 10 लाख युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

योगी सरकार ₹14,760 करोड़ की लागत से 12 मेगा स्किल हब और 63 जिला केंद्र बनाएगी, जो 'हब एंड स्पोक' मॉडल पर हर साल 10 लाख युवाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण देंगे

Published by
बीएस संवाददाता   
Last Updated- May 03, 2026 | 10:09 PM IST

युवाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के लिए योगी सरकार के 12 मेगा स्किल हब और 63 जिला केंद्र स्थापित करेगी। इन केंद्रों के जरिए हर साल 10 लाख से ज्यादा युवाओं को उच्च स्तर का कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। हब ऐंड स्पोक मॉडल की  परियोजना पर प्रदेश सरकार 14,760 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि सरदार पटेल एम्प्लॉयमेंट ऐंड इंडस्ट्रियल जोन्स के तहत यह 12 मेगा स्किल हब और 63 जिला स्किल केंद्र बनाए जाएंगे। योगी सरकार की योजना ‘हब ऐंड स्पोक’ मॉडल पर आधारित होगी। इसमें 12 बड़े शहरों क्रमश: लखनऊ,  गौतमबुद्धनगर,  कानपुर,  वाराणसी,  गोरखपुर, आगरा, मेरठ, सहारनपुर, झांसी, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद में मेगा स्किल हब बनाए जाएंगे। इनके साथ जुड़े 63 जिला स्किल केंद्र ‘स्पोक’ के रूप में काम करेंगे। इस मॉडल के जरिए हर जिले तक कौशल विकास और उद्योगों की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

मेगा स्किल हब जहां बड़े स्तर पर प्रशिक्षण और उद्योगों को आकर्षित करेंगे, वहीं जिला केंद्र स्थानीय युवाओं को उनकी जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण देंगे। इसकी विशेषता है कि इसमें स्किलिंग और औद्योगिक विकास को एक साथ जोड़ा गया है।  योगी सरकार का उद्देश्य हर जिले में ऐसे औद्योगिक जोन विकसित करना है, जहां युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी मिलें। इन केंद्रों में तकनीकी कौशल के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल, भाषा प्रशिक्षण, डिजिटल साक्षरता और आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

इसके अलावा उद्योगों के लिए ‘प्लग ऐंड प्ले’ सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमेंप्रशिक्षण की विविध श्रेणियां होंगी। इसमें पारंपरिक कौशल के साथ-साथ आधुनिक और भविष्य आधारित कौशल जैसे रोबोटिक्स, डेटा एनालिटिक्स, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, डिजिटल मार्केटिंग आदि होंगे। 

First Published : May 3, 2026 | 10:09 PM IST