उत्तर प्रदेश

Yamuna Expressway mishap: कोहरे कारण कई वाहन टकराए, एक की मौत और 10 घायल

Yamuna Expressway Mishap: पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर करौली बांगर गांव के पास हुई जब एक बस आगे चल रहे कैंटर से टकरा गई।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 27, 2024 | 11:05 AM IST

गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर कई वाहन आपस में टकरा गये, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गये। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर करौली बांगर गांव के पास हुई जब एक बस आगे चल रहे कैंटर से टकरा गई। थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया इसके बाद पीछे आ रहे वाहन एक के बाद एक टकराते चले गये। उन्होंने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मश्क्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।

सिंह ने कहा, ‘‘इलाज के दौरान इटावा निवासी सत्यप्रकाश की मौत हो गई।’’

उन्होंने बताया कि घटना में घायल अन्य लोगों का जेवर और ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि संभवत: हादसा घने कोहरे के कारण हुआ और मामले की जांच जारी है।

First Published : January 27, 2024 | 11:05 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)