अमेरिका घूमने की चाहत रखने वाले लोगों को वीज़ा अपॉइंटमेंट के लिए 2024 तक इंतजार करना पड़ सकता है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी विदेश विभाग की वेबसाइट से पता चला है कि अगर भारत का कोई व्यक्ति आज अमेरिका में विजिटर वीजा के लिए आवेदन करता है, तो उसे मार्च-अप्रैल 2024 में जाकर वीजा के लिए मौका मिलेगा।
उसमें भी मुंबई की तुलना में नई दिल्ली से जाने वालों को और अधिक समय तक इंतजार करना पड़ेगा। राजधानी में वीजा के लिए अपॉइंटमेंट लेने वालों को 581 दिन का इंतजार करना होगा जबकि मुंबई में वेटिंग पीरियड 517 दिन का है। हालांकि ये वेटिंग पीरियड सबसे अधिक कोलकाता में हैं। यहां पर 587 दिनों का इंतजार करना पड़ेगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस देरी का मुख्य कारण कर्मचारियों की कमी है। कोविड -19 महामारी के दौरान अधिकतर कर्मचारियों को वापस भेज दिया गया था। जिस कारण अब कर्मचारियों की कमी पड़ रही है।
बार-बार अमेरिका की यात्रा करने वालों को पहले मिलेगा वीजा
अमेरिकी दूतावास ने टीओआई को बताया कि वे कर्मचारियों की भर्ती में तेजी ला रहे हैं। यह महामारी के कारण स्टाफ की कमी की गई थी लेकिन हम दोबारा स्टाफ को ले रहें हैं। हमें उन्हें प्रशिक्षण भी देना है।
दूतावास के एक अधिकारी ने टीओआई को बताया कि जिनके पास पहले से अमेरिकी वीजा है, हम उन्हें प्राथमिकताएं दे रहे हैं। इसके साथ ही जो लोग कई अमेरिका की यात्रा करते हैं उन्हें पहले वीजा दिया जा रहा है। इसके साथ ही हम छात्रों, व्यापारियों, कामकाजी लोगों को जल्द से जल्द वीजा देने का प्रयास कर रहे हैं।
दूसरे देशों का भी बुरा हाल
सिर्फ अमेरिका ही नहीं, कई और देशों का यही हाल है। कनाडा, यूके और शेंगेन राज्यों के साथ भी वीजा आवेदनों में देरी का सामना करना पड़ रहा है। शेंगेन 26 यूरोपीय देशों का एक समूह है जिन्होंने अपने पासपोर्ट समाप्त कर दिए हैं और एक सामान्य वीजा पर काम करते हैं।
ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव अनिल कलसी ने टीओआई को बताया कि अधिकांश यूरोपीय दूतावास वीजा के लिए अप्वाइंटमेंट भी नहीं दे रहे हैं। स्वीडन एकमात्र ऐसे देशों में से है जिसका वीजा आसानी से मिल रहा है। सितंबर के अंत तक स्विट्जरलैंड के लिए किसी को अपॉइंटमेंट मिल सकता है। लोग इन जगहों से शेंगेन वीजा प्राप्त करने की कोशिश कर रहे हैं।