Representational Image
अमेरिका, ईरान और क्षेत्रीय मध्यस्थ संभावित 45 दिन के युद्धविराम की शर्तों पर चर्चा कर रहे हैं, जो संघर्ष को स्थायी रूप से समाप्त करने का रास्ता खोल सकता है। एक्सियोस ने रविवार को इस मामले से जुड़े चार अमेरिकी, इजराइली और क्षेत्रीय सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। रॉयटर्स इस रिपोर्ट की तुरंत पुष्टि नहीं कर सका। व्हाइट हाउस और अमेरिकी विदेश विभाग ने इस पर टिप्पणी के अनुरोध का जवाब नहीं दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, मध्यस्थ दो चरणों के ढांचे पर काम कर रहे हैं। पहले चरण में 45 दिन का युद्धविराम शामिल होगा, जिसके दौरान युद्ध को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए बातचीत की जाएगी।
दूसरे चरण में संघर्ष को समाप्त करने के लिए अंतिम समझौते पर ध्यान दिया जाएगा। यदि बातचीत के लिए अतिरिक्त समय की जरूरत हुई, तो युद्धविराम को बढ़ाया भी जा सकता है।
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने वॉल स्ट्रीट जर्नल से कहा कि ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की समयसीमा दी गई है, अन्यथा पुल, पावर प्लांट जैसे अहम बुनियादी ढांचे पर हमलों का खतरा रहेगा। यह समयसीमा मंगलवार शाम तक तय की गई है। ट्रंप ने कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता करने की समय सीमा सोमवार को सुबह लगभग 10 बजे पूर्वी समय (1400 जीएमटी) तक दी गई है।
उन्होंने शनिवार सुबह ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया,‘मैंने ईरान को दस दिन का समय दिया था कि या तो समझौता करो या होर्मुज स्ट्रेट खोल दो। समय समाप्त हो रहा है और 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा।’ उन्होंने लिखा कि “मंगलवार ‘पावर प्लांट डे’ और ‘ब्रिज डे’ होगा, सब कुछ एक साथ ईरान में देखने को मिलेगा।” यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई होगी।
ट्रंप ने बेहद आक्रामक रूख अख्तियार करते हुए कहा कि अगर यह अहम होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोला गया तो हालात ‘नरक जैसे’ हो जाएंगे। बता दें, ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ दुनिया के सबसे जरूरी तेल शिपिंग रूट्स में से एक है, जिसे अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद से ईरान ने लगभग बंद कर रखा है। इसी बीच ट्रंप ने यह भी कहा कि सोमवार को वह व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जहां हाल ही में ईरान में गिराए गए अमेरिकी विमान के दो पायलटों को बचाने के ऑपरेशन पर भी जानकारी दी जाएगी।