facebookmetapixel
रेट कट का असर! बैंकिंग, ऑटो और रियल एस्टेट शेयरों में ताबड़तोड़ खरीदारीTest Post कैश हुआ आउट ऑफ फैशन! अक्टूबर में UPI से हुआ अब तक का सबसे बड़ा लेनदेनChhattisgarh Liquor Scam: पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य को ED ने किया गिरफ्तारFD में निवेश का प्लान? इन 12 बैंकों में मिल रहा 8.5% तक ब्याज; जानिए जुलाई 2025 के नए TDS नियमबाबा रामदेव की कंपनी ने बाजार में मचाई हलचल, 7 दिन में 17% चढ़ा शेयर; मिल रहे हैं 2 फ्री शेयरIndian Hotels share: Q1 में 19% बढ़ा मुनाफा, शेयर 2% चढ़ा; निवेश को लेकर ब्रोकरेज की क्या है राय?Reliance ने होम अप्लायंसेस कंपनी Kelvinator को खरीदा, सौदे की रकम का खुलासा नहींITR Filing 2025: ऑनलाइन ITR-2 फॉर्म जारी, प्री-फिल्ड डेटा के साथ उपलब्ध; जानें कौन कर सकता है फाइलWipro Share Price: Q1 रिजल्ट से बाजार खुश, लेकिन ब्रोकरेज सतर्क; क्या Wipro में निवेश सही रहेगा?Air India Plane Crash: कैप्टन ने ही बंद की फ्यूल सप्लाई? वॉयस रिकॉर्डिंग से हुआ खुलासा

विघ्नहर्ता के आते ही दूर होने लगे बाजार के विघ्न

Last Updated- December 07, 2022 | 8:00 PM IST

विशुद्ध धार्मिक और ठेठ महाराष्ट्रीयन अंदाज में मनाये जाने वाले गणेशोत्सव का रूप अब बदलता नजर आ रहा है।


इस बार के गणेशोत्सव में श्रद्धा और भक्ति के साथ-साथ बाजारवाद का नया अंदाज, बीमा कंपनियों की चांदी, सुरक्षा के भारी तामझाम के साथ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक झलक भी गणेश पंडालों में देखने को मिल रही है।

सभी को मिला काम

गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ लंबे समय से मंदी की मार झेल रहे व्यापरियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। मुंबई के लगभग सभी मॉल और दुकानों में खरीदारों की भीड उमड पड़ी है। गणेश मूर्तियां, सजावटी सामान, मिठाई, कपड़े, फूल बाजार के साथ मोटरसाइकिल और कार बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। पंडित, पुजारी, बैड बाजा, लाइटिंग और सजावट करने वालों के पास भी काम ही काम है।

मूर्तिकार जतिन भाई के अनुसार, मुंबई में लगभग 1200 गणेश मंडल हैं और लगभग 10 लाख लोगों ने अपने घरों में गणपति बप्पा की मूर्तियां स्थापित की हैं। गणेशोत्सव के साथ ही महाराष्ट्र में त्योहारों का मौसम शुरू हो जाता है, जिससे आने वाले तीन-चार महीनों तक बाजार में रौनक बनी रहने की उम्मीद जताई जा रही है। 

भगवान का भी बीमा

लालबाग के राजा के नाम से प्रसिद्ध परेल इलाके में स्थित गणेश प्रतिमा और उसके पंडाल का 2.65 करोड़ रुपये का बीमा कराया गया है। मंडल के अध्यक्ष सुनील जोशी कहते हैं कि आयोजन के 75 साल के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब प्रतिमा का बीमा कराया गया है।

10 दिनों तक चलने वाले उत्सव में आने वाले भक्तों का भी एक करोड़ रुपये का बीमा कराया गया है। यहां कोई हादसा होने पर प्रत्येक भक्त को 50 हजार का मुआवजा दिया जाएगा। किंग सर्किल के गणेश मंडल ने मूर्ति का 5 करोड़ रुपये का बीमा कराया है। मंडल के अध्यक्ष भुजंग पई के अनुसार गणेश मूर्ति में 44 किलो सोना और 140 किलो चांदी के आभूषण लगे हैं। अनुमान के मुताबिक, इस बार गणेशोत्सव के दौरान 50 करोड़ रुपये का बीमा कराया गया है।

अनोखे पंडाल

इस बार गणेश मंडलों में महाराष्ट्र की संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर को भी महसूस किया जा रहा है। अपनी भव्यता के लिए जाना जाने वाला लालबाग के राजा के मुख्य द्वार की सजावट सोलहवीं सदी में शिवाजी महाराज के किलों की तरह की गई है। इसकी सजावट प्रसिद्ध सेट डिजाइनर नितिन देसाई ने की है।

देसाई का मानना है कि गणेशोत्सव अब सिर्फ मुंबई या महाराष्ट्र तक ही सीमित नहीं है, यहां दर्शन करने देश के हर कोने से लोग आते हैं। मंडल ने सोने की लंका के रूप में पंडाल को बनाया है। सांताक्रुज में अभिमन्यु गणेश मंडल ने अपने पंडाल को अष्टविनायक के आठवें गणपति मंदिर का स्वरूप दिया है। लोअर परेल के माधव भुवन गणेश मंडल ने शीश महल तैयार किया है।

अखिल महाकाली सार्वजनिक गणेश मंडल, अंधेरी  ने पंडाल को संसद का रूप दिया है। महालक्ष्मी गणेश मंडल ने मुंबई की पहचान डब्बावालों के डब्बे को अपने पंडाल को आधार बनाया है। तिलक नगर में बच्चों को अपने प्रिय डिज्नी लैड का रुप देखने को मिल रहा है, तो तुलसीवाडी में टॉफी और चॉकलेट से गणेश मूर्ति सजाई गई है।

First Published - September 4, 2008 | 11:30 PM IST

संबंधित पोस्ट