Delhi University Admission 2022: इंतजार अभी खत्म नहीं हुआ है! दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में दाखिला लेने का सपना देख रहे छात्रों को एक दिन और इंतजार करने की जरूरत है क्योंकि DU ने अपने कॉलेजों में सीट आवंटन प्रक्रिया को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया है। अब DU CSAS के तीसरे फेज की पहली सूची बुधवार, 19 अक्टूबर को जारी करेगा जबकि इससे पहले यह आज 18 अक्टूबर को जारी होने वाली थी।
DU कल जारी करेगा CSAS की पहली सूची
DU आज (18 अक्टूबर) शाम 5 बजे कॉमन सीट अलोकेशन सिस्टम (CSAS) के तीसरे फेज की पहली सूची जारी करने वाला था। मगर DU ने इसे एक दिन के लिए टाल दिया है। मीडिया रिपोटर्स के अनुसार DU कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) की पहली सूची कल यानि 19 अक्टूबर को जारी करेगा।
सेंट स्टीफंस कॉलेज की याचिका पर सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट दिल्ली उच्च न्यायालय के एक आदेश के खिलाफ DU के तहत आने वाले कॉलेजों में से एक सेंट स्टीफंस कॉलेज की याचिका पर बुधवार को सुनवाई करने के लिए तैयार है। इस कारण DU कल सूची जारी करेगा। दरअसल हाई कोर्ट ने कॉलेज को DU द्वारा तैयार की गई प्रवेश नीति का पालन करने को कहा है, जिसके अनुसार गैर-अल्पसंख्यक छात्रों को अपने स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश देते समय कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET)-2022 के स्कोर को 100 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। हालांकि सेंट स्टीफंस कॉलेज सभी श्रेणियों में छात्रों को प्रवेश देने के लिए CUET को केवल 85% वेटेज और साक्षात्कार को 15% वेटेज देना चाहता है।