कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) विभिन्न कानूनों जैसे कर्मचारी भविष्य निधि एवं विविध प्रावधान अधिनियम, 1952, ग्राहकों, कॉर्पोरेट और वाणिज्यिक मामलों में ईपीएफओ का प्रतिनित्व करने के लिए कानून की फर्म रखने पर विचार कर रहा है। इसमें दिलचस्पी लेने वाली कानूनी फर्मों से प्रतिक्रिया के लिए पिछले महीने प्रस्ताव जारी किया गया था और यह प्रक्रिया नवंबर तक होने की संभावना है।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन आने वाले इस वैधानिक निकाय ने एक या एक से ज्यादा कानूनी फर्म को नियुक्त करने के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) जारी किया है। चयनित फर्में कानूनी परामर्श और इससे संबंधित सेवाएं प्रदान करेंगी, जैसा कि ईपीएफओ ने परिभाषित किया है। राष्ट्रीय कंपनी कानून पंचाट (एनसीएलटी), संपत्ति संबंधी मामलों, वाणिज्यिक समझौतों, प्रशासनिक मसलों, वित्तीय मसलों, सेवा संबंधी मसलों और कराधान मसलों पर कानूनी फर्म ईपीएफओ का प्रतिनिधित्व करेगी।
वाणिज्यिक समझौतों का मसौदा तैयार करने, समझौता ज्ञापन तैयार करने, नोटिस और विभिन्न तरह के कानूनी दस्तावेज तैयार करने का काम भी कानून फर्म करेगी। स्वीकृत कानून फर्म ईपीएफओ के नई दिल्ली स्थिति मुख्यालय से शुरुआती एक साल संबद्ध रहेगी, जिसे 3 साल का कार्यविस्तार दिया जा सकता है। यह वकीलों के मौजूदा पैनल के अतिरिक्त टीम होगा। यह कदम ईपीएफओ के ऑटोमेशन और कार्यबल को कम करने की कवायद के तहत उठाया जा रहा है।