अगर कोई पूछे कि कमरतोड़ महंगाई के इस दौर में एक रुपये से क्या मिल सकता है, तो आप शायद हंसकर कहेंगे कि कुछ भी नहीं।
लेकिन जनाब.. एक रुपया अब भी बड़े काम का है क्योंकि कारोबारी दुनिया में जाएं, तो तमाम कंपनियां महज एक रुपये में आज भी बहुत कुछ दे रही हैं। उनसे पूछिए, तो पता चलेगा कि एक रुपये के सिक्के की चमक अब भी फीकी नहीं पड़ी है।
आइये, जरा नजर डालते हैं कि जेब से बस एक रुपया निकालकर किन-किन सेवाओं का लाभ उठाया जा सकता है। शेयर बाजार में पहुंचिए, तो डीमैट खाते के बिना कदम नहीं रख पाएंगे। लेकिन डीमैट खाता खोलने की सुविधा आईसीआईसीआई डायरेक्ट केवल एक रुपये में दे रही है। यानी शेयर बाजार के दरवाजे की चाबी महज एक रुपये में आपके हाथ लग जाती है और अगर बाजार की नब्ज पकड़नी है, तो भी एक रुपया है न। रिलायंस मनी शेयर बाजार का तकनीकी विश्लेषण मुहैया कराती है और इसके लिए वह रोजाना केवल एक रुपया लेती है।
रिलायंस मनी के सीईओ सुदीप बंद्योपाध्याय बताते हैं, ‘दरअसल कंपनी ने यह सेवा एक रुपये में देने की नीति इसलिए अपनाई है क्योंकि एक रुपये से उपभोक्ता अब भी अपने आप को काफी जुड़ा महसूस करते हैं’। कंज्यूमर डयूरेबल्स कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स अब तक ग्राहकों को बस एक रुपये में एयरकंडीशनर उपलब्ध कराती रही है। कंपनी पिछले कुछ महीने से एक ऑफर दे रही है, जिसके तहत आप उसे केवल एक रुपया थमाकर एयरकंडीशनर अपने घर ले जा सकते हैं। बाकी की रकम बाद में बिना ब्याज के किश्तों में चुका दीजिए।
कंपनी की महाप्रबंधक (प्लानिंग एवं स्ट्रैटेजी) रुचिका बत्रा बताती हैं कि यूं तो कई कंपनियां अपनी ओर से अलग अलग ऑफर लाती ही रहती हैं, पर एक रुपये में एसी का ऑफर कुछ ऐसा है जो ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को अपनी ओर खींचता है। दूरसंचार के बाजार में तो एक रुपये का बोलबाला है। रिलांयस, एयरटेल जैसी कई कंपनियां एक रुपये में देश भर में बातचीत कराती ही हैं, अगर आपको विदेश में भी किसी का हालचाल लेना है, तो एक रुपया हाजिर है।
एमटीएनएल नेट और नेट 4 जैसी कंपनियां वीओआईपी (वॉयस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल) के जरिए एक रुपये में विदेश में कॉल करने की सुविधा देती हैं। एमटीएनएल नेट के जरिए अमेरिका, ब्रिटेन, सिंगापुर, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और हांगकांग में एक रुपये में फोन घुमा सकते हैं। नेट 4 तो 44 देशों में कॉल करने के एवज में केवल एक रुपया लेती है। विभिन्न मोबाइल कंपनियां तो पहले से ही एक रुपये रोजाना में कॉलर टयून और न्यूज अपडेट की सेवाएं देती रही हैं।