राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने आज सोमवार को विश्वविद्यालय में एडमिशन के लिए होने वाली परीक्षा CUET-PG परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में 6.07 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया था। वहीं विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष जगदीश कुमार ने बताया कि पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए इस प्रवेश परीक्षा के अंकों का नॉर्मलाइजेशन नहीं किया गया हैं।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्नातकोत्तर स्तर पर एडमिशन के लिए ‘मूल अंकों’ के आधार पर रैंक सूची तैयार करेंगे। CUET-PG में अंकों का नॉर्मलाइजेशन नहीं करने के पीछे के कारणों के बारे में पूछे जाने पर कुमार ने कहा कि पीजी परीक्षा अधिकांश विषयों में एक पाली में ली गई थी। जबकि स्नातक (UG) की परीक्षा विभिन्न पालियों में ली गई थी ।
उन्होंने कहा कि ऐसे सभी छात्रों को समान अवसर प्रदान करने के लिये यूजी स्तर पर परीक्षा के अंकों का नॉर्मलाइजेशन किया गया।
सीयूईटी-पीजी के लिये पंजीकृत उम्मीदवारों में 3.02 लाख छात्राएं थी। NTA ने CUET-PG के लिये विषयवार टॉपर की घोषणा की है।
UGC ने रविवार को CUET चुनने वाले विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को पत्र लिखकर कहा था कि वे नामांकन प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। यूजीसी ने इन विश्वविद्यालयों से कहा था कि आपसे वेबसाइट, पोर्टल सहित दाखिला प्रक्रिया प्रारंभ करने के लिए जरूरी तैयारी करने को कहा है। जिससे पीजी पाठ्यक्रम में दाखिले की प्रक्रिया समय से प्रारंभ की जा सके।