जीवन बीमा उद्योग व गैर जीवन बीमा उद्योग की पुनर्बीमा समर्थन संबंधी समस्याओं का अध्ययन करने व और उसके बारे में सिफारिशें करने के लिए बीमा नियामक ने दो अलग-अलग कार्यबलों का गठन किया है। दोनों कार्यबल अपनी रिपोर्ट 3 सप्ताह के भीतर नियामक को सौंपेंगे।
गैर जीवन बीमा उद्योग के लिए गठित कार्यबल में 9 सदस्य हैं और इसकी अध्यक्षता आईसीआईसीआई लोंबार्ड जनरल इंश्योरेंस के एमडी और सीईओ भार्गव दासगुप्ता करेंगे। कार्यबल उद्योग जगत के विभिन्न मसलों पर नियामक के हुई चर्चा से जुड़े मसलों पर काम करेगा।
उठाए गए प्रमुख मसलों में उद्योग लागत संरचना और मुनाफा कमीशन के तरीके, सीमा पार पुनर्बीमाकर्ताओं पर सेशन कैप, बीमाकर्ताओं के लिए घरेलू संधि में हिस्सेदारी, सामाजिक बीमा योजनाओं में पुनर्बीमा समर्थन, उभरते जोखिम हस्तांतरण समाधान पेश करना, तेजी से समाधान और भुगतान डिजिटल व्यवस्था (विनिमय) के अलावा पुनर्बीमा व सीमा पार पुनर्बीमा संबंधी मसले शामिल हैं।
इसी तरह से जीवन बीमा उद्योग के मामले में टाटा एआईए लाइफ इंश्योरेंस के एमडी और सीईओ नवीन टहिलयानी की अध्यक्षता में कार्यबल का गठन किया गया है। इसके कार्यक्षेत्र में पुनर्बीमा दरों का स्थिरीकरण, पुनर्बीमाकर्ताओं द्वारा कोट्स में देरी से संबंधी चिंता, क्षमता संबंधी व्यवधान आदि शामिल है।