टीका विनिर्माता सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) को एचपीवी (HPV) टीके का उत्पादन कोविड की वजह से दो साल के लिए टालना पड़ा और अब 2023 की शुरुआत में भारत सरकार को टीके की आपूर्ति शुरू की जाएगी। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को यह बताया। SII के CEO आदर पूनावाला ने यहां संवाददाताओं से कहा कि टीके का निर्यात 2024 तक ही शुरू हो पाएगा क्योंकि इसके लिए कंपनी को उत्पादन बढ़ाकर 15 करोड़ से अधिक करना होगा।
HPV टीके को DCGI ने दी मंजूरी
HPV टीका कुछ प्रकार के सर्वाइकल कैंसर को रोकता है। पूनावाला ने एक कार्यक्रम से इतर कहा, ‘महामारी के दौरान HPV विनिर्माण केंद्र का उपयोग कोविड टीकों के विनिर्माण के लिए किया गया था। इसलिए इन टीकों की व्यापक पेशकश में देरी हुई।’ उन्होंने कहा, ‘अगले साल की पहली तिमाही में भारत सरकार के साथ मिलकर इसकी पेशकश करेंगे। इसके बाद हमारे पास सात करोड़ खुराक की क्षमता होगी जो इसके बाद के वर्ष में बढ़कर 15-20 करोड़ खुराक तक हो सकती है।’ पूनावाला ने कहा कि कंपनी को एचपीवी टीकों के घरेलू उपयोग के लिए भारत के औषधि महानियंत्रक (DCGI) से मंजूरी मिल गई है।