अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड ने मंगलवार को बताया कि उसमे अदाणी ग्रुप की कंपनी कंपनी हार्मोनिया ट्रेड एंड इनवेस्टमेंट को 47.74 करोड़ वारंट जारी किए हैं और साथ ही 5,000 करोड़ रुपये जुटाए हैं। आपको बता दें कि अंबुजा सीमेंट अब अदाणी सीमेंट का हिस्सा है।
कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि उसके 418.87 रुपये की कीमत पर 47.74 करोड़ वारंट जारी किए हैं। इस लेनदेन की शर्तों के तहत अदाणी समूह ने 5,000.15 करोड़ रुपये दिए हैं, जो ‘सीमित निर्गम मूल्य का 25 प्रतिशत’ है। अंबुजा सीमेंट्स ने कहा, ‘हम आपको बताना चाहते हैं कि कंपनी के निदेशकों की वित्त समिति ने आज आयोजित अपनी बैठक में निजी नियोजन के जरिए तरजीही आधार पर हार्मोनिया ट्रेड और इनवेस्टमेंट लिमिटेड को कंपनी के वारंटों के आवंटन को मंजूरी दी।’
कंपनी ने बताया कि अदाणी समूह की फर्म को तरजीही आधार पर जारी किए गए वारंट का अंकित मूल्य दो रुपये है। अंबुजा सीमेंट्स के शेयरधारकों ने आठ अक्टूबर को एक EGM में अदाणी समूह की कंपनियों को वारंट जारी कर 20,000 करोड़ रुपये जुटाने, और साथ ही कंपनी के बोर्ड में गौतम अदाणी और अन्य निदेशकों की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। अदाणी समूह द्वारा अधिग्रहण के बाद, गौतम अदाणी अब अंबुजा सीमेंट्स के बोर्ड के चेयरमैन हैं। आपको बता दें कि अंबुजा सीमेंट्स की एसीसी लिमिटेड में 50.05 प्रतिशत हिस्सेदारी है।