बजाज ऑटो ने 2,500 करोड़ रुपये तक के शेयरों की पुनर्खरीद को मंजूरी दी है। दोपहिया कंपनी ने खुले बाजार से 4,600 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से 54.35 लाख शेयरों की पुनर्खरीद करने की योजना बनाई है।
कंपनी ने इससे पहले वर्ष 2000 में इस तरह का कदम उठाया था। उस वक्त शेयरधारकों ने 400 रुपये की कीमत के हिसाब से 1.8 करोड़ इक्विटी शेयरों की पुनर्खरीद को मंजूरी दी थी। कंपनियों और प्रवर्तकों द्वारा शेयर पुनर्खरीद व्यवसाय के बुनियादी आधार में प्रबंधन के भरोसे को लेकर सकारात्मक संकेतों को दर्शाती है।
कंपनी में प्रवर्तक समूह की करीब 54 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
कंपनी के बोर्ड ने इस महीने के शुरू में अपनी प्रस्तावित शेयर पुनर्खरीद को टाल दिया था और फिर बाद में संपूर्ण चुकता शेयरों की पुनर्खरीद के प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 27 जून को बैठक करने का निर्णय लिया।
कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘कंपनी ने अपनी बैठक में कहा कि उसने मौजूदा शेयरधारकों के फुली पेड-अप इक्विटी शेयरों को स्टॉक एक्सचेंजों के जरिये पुन: खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और इनका मूल्य 4,600 रुपये प्रति इक्विटी शेयर से ज्यादा नहीं होगा।’