Bank Stocks to Buy: बैंकों के लिए मार्च तिमाही अच्छी रही है। पिछले कुछ समय से माइक्रोफाइनेंस और बिना गारंटी वाले कर्ज को लेकर जो चिंता बनी हुई थी, वह अब कम होती दिख रही है। बैंकों की कर्ज देने की रफ्तार भी अच्छी रही, मुनाफा बढ़ा और बैड लोन का दबाव भी घटा है। कुल मिलाकर बैंकिंग सेक्टर की तस्वीर पहले से काफी बेहतर नजर आ रही है।
सेंट्रम की रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादातर बैंकों ने उम्मीद से अच्छे नतीजे दिए हैं। एक्सिस बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और आरबीएल बैंक ने अच्छी लोन ग्रोथ दिखाई। वहीं उज्जीवन और सूर्योदय जैसे स्मॉल फाइनेंस बैंकों को माइक्रोफाइनेंस कारोबार में सुधार का फायदा मिला।
मार्च तिमाही में कर्ज की मांग मजबूत रही। छोटे कारोबार, सर्विस सेक्टर, गोल्ड लोन, वाहन लोन और होम लोन में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। यही वजह रही कि बैंकों की लोन बुक तेजी से बढ़ी। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की लोन बुक 21 फीसदी बढ़ी, उज्जीवन एसएफबी की 22 फीसदी और एयू एसएफबी की 19 फीसदी बढ़ी। बैंकों में जमा राशि यानी डिपॉजिट भी अच्छी रफ्तार से बढ़े, जिससे उनकी फंडिंग की स्थिति मजबूत हुई।
आमतौर पर ब्याज दरें घटने पर बैंकों की कमाई पर दबाव आता है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। बैंकों को जमा पर कम ब्याज देना पड़ा, जिससे उनकी कमाई बेहतर रही। फेडरल बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एयू बैंक के मार्जिन में सुधार देखने को मिला। स्मॉल फाइनेंस बैंकों में इक्विटास, उज्जीवन और सूर्योदय ने सबसे ज्यादा सुधार दिखाया। रिपोर्ट का मानना है कि अगर ब्याज दरों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ तो आने वाले समय में भी बैंकों की कमाई अच्छी रह सकती है।
इस तिमाही की सबसे राहत वाली बात यही रही कि बैड लोन बढ़ने की रफ्तार थम गई है। नए फंसे हुए कर्ज कम हुए हैं और बैंकों को बैड लोन के लिए कम पैसा अलग रखना पड़ा है। एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और फेडरल बैंक की एसेट क्वालिटी मजबूत बनी हुई है। वहीं आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, आरबीएल बैंक, इक्विटास और उज्जीवन में भी हालात सुधरे हैं। रिपोर्ट का कहना है कि माइक्रोफाइनेंस सेक्टर में जो संकट पिछले कुछ समय से बना हुआ था, उसका सबसे मुश्किल दौर अब पीछे छूटता दिख रहा है। इससे आने वाले महीनों में बैंकों की कमाई और बेहतर हो सकती है।
यह पढ़ें: HDFC Bank Stocks: एचडीएफसी बैंक का शेयर 2.6% लुढ़का, क्या है पूरा मामला?
सेंट्रम को यूनिवर्सल बैंकों में एक्सिस बैंक सबसे ज्यादा पसंद है। ब्रोकरेज ने इस शेयर पर ‘खरीदें’ की सलाह दी है और 1,630 रुपये का टारगेट रखा है। स्मॉल फाइनेंस बैंकों में इक्विटास एसएफबी और सूर्योदय एसएफबी उसकी टॉप पसंद हैं। इक्विटास के लिए 79 रुपये और सूर्योदय के लिए 240 रुपये का टारगेट प्राइस दिया गया है। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक के लिए 1,810 रुपये, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के लिए 1,227 रुपये और उज्जीवन एसएफबी के लिए 73 रुपये का टारगेट प्राइस रखा गया है।
| बैंक | रेटिंग | मौजूदा भाव (रुपये) | टारगेट प्राइस (रुपये) | संभावित रिटर्न (%) |
|---|---|---|---|---|
| एक्सिस बैंक | खरीदें | 1,251 | 1,630 | 30.3% |
| एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक | खरीदें | 977 | 1,227 | 25.6% |
| इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक | खरीदें | 70 | 79 | 12.9% |
| फेडरल बैंक | न्यूट्रल | 293 | 310 | 5.8% |
| आईसीआईसीआई बैंक | खरीदें | 1,228 | 1,810 | 47.4% |
| आईडीएफसी फर्स्ट बैंक | न्यूट्रल | 71 | 73 | 2.8% |
| आरबीएल बैंक | न्यूट्रल | 345 | 294 | -14.8% |
| सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक | खरीदें | 169 | 240 | 42.0% |
| उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक | खरीदें | 53 | 73 | 37.7% |
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)