Stock Market: ग्लोबल मार्केट (global market) से मिले मजबूत रुझानों और सकारात्मक घरेलू आर्थिक आंकड़ों के बीच शुक्रवार को ऊर्जा, धातु एवं तेल शेयरों में खरीदारी के कारण हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुए। दोनों फ्रंटलाइन इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त तेजी देखी गई। आज के कारोबार में BSE सेंसेक्स (Sensex) ने 556 अंकों की उछाल दर्ज की। वहीं, निफ्टी (Nifty) में भी 181 अंको की बढ़त दर्ज की गई।
अप्रैल-जून तिमाही में 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि रहने से निवेशकों के सेंटीमेंट को बल मिला है। यह पिछली चार तिमाहियों में सबसे ऊंची वृद्धि दर है। व्यापक बाजारों में, BSE मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में 0.75 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
BSE का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 555.75 अंक यानी 0.86 फीसदी की बढ़त के साथ 65,387.16 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 65,473.27 की ऊंचाई तक गया और नीचे में 64,818.37 तक आया।
वहीं, दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के निफ्टी (Nifty) में भी 181.50 अंक यानी 0.94 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। निफ्टी दिन के अंत में 19,435.30 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 19,458.55 की ऊंचाई तक गया और नीचे में 19,255.70 तक आया।
Also read: उतार चढ़ाव के बाद भी चढ़ने व गिरने वाले शेयरों का अनुपात मजबूत
आज के कारोबार में सेंसेक्स के शेयरों में 26 शेयर हरे निशान पर बंद हुए। NTPC, JSW स्टील, मारुति, पावर ग्रिड और टाटा स्टील सेंसेक्स के टॉप 5 गेनर्स रहे। सबसे ज्यादा मुनाफा NTPC के शेयरों को हुआ। इसके शेयर 5.23 फीसदी तक चढ़े।
वहीं, दूसरी तरफ सेंसेक्स के शेयरों में केवल 4 शेयर लाल निशान पर बंद हुए। अल्ट्राटेक सीमेंट, नेस्ले इंडिया, L&T और सन फार्मा सेंसेक्स के टॉप लूजर्स रहे। सबसे ज्यादा नुकसान अल्ट्राटेक के शेयरों को हुआ। इसके शेयर करीब 0.50 फीसदी तक गिर गए।
बाजार के जानकारों के मुताबिक, अनुकूल वैश्विक संकेतों, उम्मीद से बेहतर घरेलू विनिर्माण आंकड़े और सकारात्मक GDP आंकड़े आने से घरेलू बाजारों में उत्साह का माहौल रहा। इस दौरान प्रमुख विनिर्माण उद्योगों से जुड़े शेयरों में तेजी रही।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के अधिकांश बाजारों में बढ़त के साथ कारोबार चल रहा था। गुरुवार को अमेरिकी बाजारों में तेजी का माहौल रहा था। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.26 प्रतिशत चढ़कर 87.92 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को 2,973.10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की थी।