बैंक ऑफ बड़ौदा और वारबर्ग पिनकस प्रवर्तित निजी क्षेत्र की जीवन बीमा कंपनी इंडियाफर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम के लिए निवेश बैंकरों का चयन कर लिया है। कंपनी इस साल के आखिर तक बाजार में अपना आईपीओ पेश कर सकती है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज को मुख्य बैंकर चुना गया है जबकि ऐक्सिस सिक्योरिटीज, एचएसबीसी सिक्योरिटीज और बीएनपी पारिबा सिक्योरिटीज अन्य निवेश बैंकर होंगे। कंपनी अगली तिमाही में बाजार नियामक सेबी के पास विवरणिका मसौदा जमा करा सकती है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। इस साल मई में बीमा दिग्गज एलआईसी की तरफ से आईपीओ उतारे जाने के बाद इंडियाफर्स्ट का आईपीओ आने वाला है। एलआईसी ने उतारचढ़ाव भरे माहौल में पूंजी बाजार से 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाए। उतारचढ़ाव के कारण ही एलआईसी के शेयर की कीमत काफी लुढ़क गई।
इस कंपनी में बैंक ऑफ बड़ौदा की हिस्सेदारी 65 फीसदी है जबकि कार्मल पॉइंट इन्वेस्टमेंट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के पास 26 फीसदी हिस्सेदारी है, जो वारबर्ग पिनकस के स्वामित्व वाली कंपनी है। बाकी हिस्सेदारी यूनियन बैंक के पास है।
इस बारे में जानकारी के लिए इंडियाफर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस को भेजे गए ईमेल का जवाब नहीं मिला।