म्युचुअल फंड

Abakkus Mutual Fund ने प्रतीश कृष्णन को बनाया सीनियर फंड मैनेजर, 25 साल का अनुभव देगा ग्रोथ को रफ्तार

अबेकस म्युचुअल फंड में यह नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब कंपनी तेज विकास के दौर से गुजर रही है। हाल ही में फंड हाउस का AUM 5,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है

Published by
अंशु   
Last Updated- May 27, 2026 | 5:39 PM IST

अबेकस म्युचुअल फंड (Abakkus Mutual Fund) ने अपनी इन्वेस्टमेंट लीडरशिप टीम को मजबूत करने के लिए प्रतीश कृष्णन (Pratish Krishnan) को सीनियर फंड मैनेजर-इक्विटी नियुक्त करने की घोषणा की है। कंपनी ने कहा कि यह नियुक्ति भारत के म्युचुअल फंड उद्योग में अपनी मौजूदगी का विस्तार करने की रणनीति का हिस्सा है। कृष्णन अनुभवी निवेश पेशेवर हैं और उनके पास फंड मैनेजमेंट, इक्विटी रिसर्च और टेक्नोलॉजी, मीडिया एवं टेलीकॉम (TMT) सेक्टर्स की कवरेज में 25 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है।

कौन हैं प्रतीश कृष्णन?

प्रतीश कृष्णन ने निवेश प्रदर्शन (investment performance) और रणनीतिक नेतृत्व (strategic leadership) में मजबूत रिकॉर्ड बनाया है। बड़ौदा बीएनपी परिबास म्युचुअल फंडके साथ अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने इक्विटी लिंक्ड सेविंग्स स्कीम (ELSS) और कंजर्वेटिव हाइब्रिड फंड जैसी प्रमुख योजनाओं के प्रदर्शन में सुधार लाने में योगदान दिया।

उन्होंने इनोवेशन फंड की अवधारणा और लॉन्च में भी अहम भूमिका निभाई, जो थीमैटिक निवेश के प्रति उनके दूरदर्शी नजरिए को दर्शाता है। इसके अलावा, उन्होंने मिडकैप फंड, थीमैटिक, हाइब्रिड और सॉल्यूशन-ओरिएंटेड योजनाओं का भी प्रबंधन किया है।

अपने करियर की शुरुआत में उन्होंने बैंक ऑफ अमेरिका मेरिल लिंच, एसबीआई कैपिटल मार्केट्स और एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग सहित प्रतिष्ठित संगठनों में सीनियर एनालिस्ट की भूमिका भी निभाई है।

Also Read: मिडकैप फंड्स में छिपे हैं अगले मार्केट लीडर्स! Edelweiss MF के नए अभियान का बड़ा संदेश 

Abakkus MF के सीईओ ने क्या कहा?

अबेकस म्युचुअल फंड के सीईओ वैभव चुघ ने कहा, “प्रतीश अपने साथ गहरी निवेश विशेषज्ञता, मजबूत रिसर्च क्षमता और विभिन्न बाजार चक्रों तथा फंड कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन का अनुभव लेकर आए हैं। अलग-अलग निवेश रणनीतियों को विकसित और प्रबंधित करने का उनका अनुभव अबेकस म्युचुअल फंड की लंबी अवधि की निवेश सोच के अनुरूप है। जैसे-जैसे हम अपने उत्पादों और निवेश विशेषज्ञता का विस्तार कर रहे हैं, उनकी नियुक्ति हमारी फंड मैनेजमेंट क्षमताओं को और मजबूत करेगी।”

Abakkus MF तेजी से बढ़ रही आगे

अबेकस म्युचुअल फंड में यह नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब कंपनी तेज विकास के दौर से गुजर रही है। हाल ही में फंड हाउस का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 5,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है और निवेशकों की संख्या भी 1 लाख से ज्यादा हो गई है। यह कंपनी की रिसर्च आधारित निवेश रणनीति पर निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।

पोर्टफोलियो निर्माण और शेयर चयन के फैसले अबेकस इन्वेस्टमेंट फिलॉसफी और उसके खास MEETS फ्रेमवर्क के आधार पर किए जाते हैं। यही कंपनी की निवेश प्रक्रिया की मजबूत नींव है। इसे निवेश टीम के अनुभव, विशेषज्ञता और रिसर्च क्षमता से और मजबूती मिलती है।

First Published : May 27, 2026 | 5:39 PM IST