म्युचुअल फंड

Axis MF ने उतारा निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स फंड, ₹100 से निवेश शुरू; किसे लगाना चाहिए पैसा?

इस स्कीम का न्यू फंड ऑफर 10 अप्रैल से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 24 अप्रैल को बंद होगा

Published by
अंशु   
Last Updated- April 09, 2026 | 5:58 PM IST

NFO Alert: एक्सिस म्युचुअल फंड ने गुरुवार को अपने नए फंड ऑफर (NFO) ‘एक्सिस निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स फंड (Axis Nifty India Defence Index Fund)’ लॉन्च करने की घोषणा की। यह एक ओपन-एंडेड इंडेक्स फंड है, जिसे निफ्टी इंडिया डिफेंस टोटल रिटर्न इंडेक्स (TRI) को ट्रैक करने के लिए तैयार किया गया है। इस स्कीम का न्यू फंड ऑफर 10 अप्रैल से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 24 अप्रैल को बंद होगा। इस फंड का मकसद अपने बेंचमार्क इंडेक्स के प्रदर्शन को दोहराना है। हालांकि इसमें ट्रैकिंग एरर की संभावना है। वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और भारत के तेजी से बढ़ते डिफेंस सेक्टर को देखते हुए, यह फंड निवेशकों को इस सेक्टर की संभावनाओं में भागीदारी का एक आसान और व्यवस्थित अवसर प्रदान करता है।

Nifty India Defence Index Fund की डिटेल

फंड का नाम – एक्सिस निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स फंड

फंड टाइप – ओपन-एंडेड इंडेक्स फंड

NFO ओपन डेट – 10 अप्रैल, 2026

NFO क्लोजिंग डेट – 24 अप्रैल, 2026

मिनिमम निवेश – ₹100 और उसके बाद ₹1 के मल्टीपल में

एग्जिट लोड – यदि आवंटन (allotment) की तारीख से 15 दिनों के भीतर रिडीम या स्विच आउट किया जाता है, तो 0.25% शुल्क लगेगा।

बेंचमार्क – Nifty India Defence Total Return Index (TRI)

रिस्क लेवल – बहुत ज्यादा जोखिम (Very High Risk)

फंड मैनेजर – नंदिक मलिक और रोहित गौतम

Also Read: Tata Small Cap Fund: लंपसप निवेश फिर से शुरू; 7 साल में ₹1 लाख के बना चुका है ₹3.66 लाख

भारत की डिफेंस ग्रोथ में निवेश का मौका

यह फंड निवेशकों को कम लागत में एक व्यवस्थित और पारदर्शी विकल्प देता है, जिसके जरिए वे बढ़ते वैश्विक रक्षा खर्च, भारत के तेजी से हो रहे डिफेंस मॉडर्नाइजेशन और घरेलू मैन्युफैक्चरिंग व निर्यात को बढ़ावा देने वाली सरकारी नीतियों से जुड़े लंबी अवधि के अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।

Axis AMC के एमडी और सीईओ बी. गोपकुमार ने कहा, “भारत का डिफेंस सेक्टर कई वर्षों के बदलाव (multi-year transformation) के दौर से गुजर रहा है, जिसे बढ़ते बजट, मजबूत नीतिगत इरादों और बढ़ते निर्यात अवसरों का समर्थन मिल रहा है। इस फंड के माध्यम से हम निवेशकों को इस स्ट्रक्चरल ग्रोथ थीम में भाग लेने का एक कम लागत वाला, नियम-आधारित तरीका प्रदान कर रहे हैं।”

क्या होगी इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजी?

फंड हाउस के मुताबिक, निवेश का मकसद हासिल करने के लिए यह फंड पैसिव इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजी पर चलेगा। इससे फंड मैनेजर के पक्षपात (bias) का प्रभाव खत्म होता है और प्रमुख डिफेंस-फोक्स्ड कंपनियों में डायवर्सिफिकेशन का लाभ मिलता है। नंदिक मलिक और रोहित गौतम इस स्कीम के फंड मैनेजर है।

कैसे बनेगा पोर्टफोलियो?

यह फंड अपने बेंचमार्क इंडेक्स को दोहराते हुए उन कंपनियों के चुने हुए पोर्टफोलियो को ट्रैक करता है, जिनकी आय का बड़ा हिस्सा डिफेंस सेक्टर से संबंधित गतिविधियों से आता है।

अंडरलाइंग इंडेक्स में एयरोस्पेस और रक्षा उपकरण, शिपबिल्डिंग, विस्फोटक और संबंधित सेवाओं में लगी कंपनियां शामिल हैं। इनका चयन तय पात्रता मानदंड के आधार पर किया जाता है और इन्हें फ्री-फ्लोट मार्केट कैपिटलाइजेशन के आधार पर उचित सीमा (caps) के साथ वेट दिया जाता है। इस इंडेक्स की रीबैलेंसिंग हर छह महीने में की जाती है, जिससे अनुशासन और पारदर्शिता बनी रहती है।

Also Read: Kotak MF ने उतारा मल्टी एसेट फंड, ₹500 की SIP में इक्विटी से लेकर गोल्ड तक निवेश का मौका

किसे निवेश करना चाहिए?

गोपकुमार के अनुसार, यह फंड उन निवेशकों के लिए उपयुक्त है जिनका नजरिया लंबी अवधि का है और जो अपने पोर्टफोलियो को भारत की रणनीतिक और मैन्युफैक्चरिंग प्राथमिकताओं के साथ जोड़ना चाहते हैं। हालांकि, इस सेक्टर की थीमैटिक प्रकृति के कारण शॉर्ट से मिडियम टर्म में अधिक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। इसलिए इस फंड को लंबी अवधि के निवेश के रूप में देखना बेहतर है और इसमें निवेश सिस्टमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए करना ज्यादा बेहतर रणनीति हो सकती है।

First Published : April 9, 2026 | 5:47 PM IST