फोटो: एआई जेनरेटेड
SIP to Buy Home: हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना एक घर हो। लेकिन आज के समय में बढ़ती प्रॉपर्टी कीमतों के कारण घर खरीदना आसान नहीं रह गया है। अच्छी बात यह है कि सही फाइनेंशियल प्लानिंग और नियमित निवेश से यह सपना हकीकत बन सकता है। अगर आपका लक्ष्य अगले 10 साल में 40 से 50 लाख रुपये का घर खरीदने का है, तो आपको अभी से तैयारी शुरू करनी होगी। म्युचुअल फंड में SIP (सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) के जरिए हर महीने थोड़ी-थोड़ी रकम निवेश करके आप धीरे-धीरे बड़ा फंड बना सकते हैं, जो भविष्य में घर खरीदने में मदद करेगा।
घर खरीदने की योजना बनाते समय सबसे पहले आपको खुद से एक सीधा सा सवाल पूछना चाहिए कि आप घर किस तरह खरीदना चाहते हैं? क्या आप चाहते हैं कि कुछ साल बाद पूरा पैसा जमा करके कैश में घर खरीदें, या फिर होम लोन (Home Loan) लेकर सिर्फ डाउन पेमेंट का इंतजाम करें?
अगर आप पूरा पैसा जमा करके घर खरीदना चाहते हैं, तो आपको बड़ा फंड तैयार करना होगा। ऐसे में SIP की राशि भी थोड़ी ज्यादा रखनी पड़ेगी, ताकि तय समय तक आपकी जरूरत की रकम तैयार हो सके। दूसरी तरफ, अगर आप होम लोन लेने का सोच रहे हैं और सिर्फ 20-30 फीसदी डाउन पेमेंट जमा करना चाहते हैं, तो आपका लक्ष्य काफी छोटा हो जाएगा। इसका मतलब यह है कि हर महीने आपको कम रकम की SIP करनी होगी और घर खरीदने का सपना भी आसान हो सकता है।
यानी सबसे पहले यह तय करना जरूरी है कि आप पूरी रकम खुद जुटाना चाहते हैं या लोन की मदद लेना चाहते हैं। जब यह फैसला साफ हो जाएगा, तभी आप सही तरीके से यह प्लान कर पाएंगे कि हर महीने कितनी SIP करनी चाहिए और कितने समय में आपका घर खरीदने का सपना पूरा हो सकता है।
Also Read: Value and Contra Funds: पोर्टफोलियो में कब और कैसे जोड़ें, समझें दोनों की रणनीति, फायदे और जोखिम
अगर आप 10 साल बाद बिना लोन के पूरा कैश देकर 50 लाख रुपये का घर खरीदना चाहते हैं, तो आपको अभी से बड़ा फंड तैयार करना होगा। मान लें कि म्युचुअल फंड SIP पर औसतन 12 फीसदी सालाना रिटर्न मिलता है।
50 लाख रुपये का लक्ष्य
सालाना रिटर्न – 12%
समय – 10 साल
SIP की राशि – ₹22,000 प्रति माह
10 साल बाद अनुमानित वैल्यू – करीब ₹50 लाख
अगर आपका लक्ष्य 40 लाख रुपये का घर खरीदना है, तो SIP की रकम थोड़ी कम हो सकती है।
40 लाख रुपये का लक्ष्य
सालाना रिटर्न – 12%
समय – 10 साल
SIP की राशि – ₹17,500 प्रति माह
10 साल बाद अनुमानित वैल्यू – करीब ₹40 लाख
यह अनुमान बाजार के औसत रिटर्न पर आधारित है। वास्तविक रिटर्न बाजार की स्थिति के अनुसार बदल सकता है।
Also Read: म्युचुअल फंड में छोटे शहरों का धमाका: पहली बार फोलियो संख्या में बड़े शहरों (T-30) को छोड़ा पीछे
कई लोग पूरा कैश देने के बजाय होम लोन लेते हैं और सिर्फ डाउन पेमेंट का इंतजाम करते हैं। मान लीजिए आप 50 लाख रुपये के घर के लिए 20 फीसदी यानी 10 लाख रुपये डाउन पेमेंट देना चाहते हैं।
10 लाख रुपये का लक्ष्य
सालाना रिटर्न – 12%
समय – 10 साल
SIP की राशि – करीब ₹4,400 प्रति माह
10 साल बाद अनुमानित वैल्यू – लगभग ₹10 लाख
इस तरीके से निवेश का बोझ कम रहेगा और घर खरीदने का लक्ष्य भी आसानी से पूरा हो सकता है।
SIP में छुपा है कंपाउंडिंग का जादू
SIP लॉन्ग-टर्म निवेश के लिए एक अच्छा विकल्प है। बीपीएन फिनकैप के डायरेक्टर एके निगम कहते हैं कि इसका सबसे बड़ा फायदा कंपाउंडिंग (ब्याज पर ब्याज का मिलना) है। समय के साथ यह फंड को धीरे-धीरे बड़ा बनाता है। लंबे समय तक SIP करने से आप बाजार की उठापटक का फायदा उठा सकते हैं। इससे निवेश की लागत भी औसतन कम हो जाती है। इसमें एक साथ बड़ी रकम लगाने की जरूरत नहीं होती। उनका कहना है, आप हर महीने थोड़ी-थोड़ी रकम लगाकर धीरे-धीरे बड़ा फंड बना सकते हैं। यह तरीका कम जोखिम वाला भी है। हालांकि, यह ध्यान जरूर रखना चाहिए कि किसी भी फंड की पिछली परफॉर्मेंस उसके भविष्य के परफॉर्मेंस की गारंटी नहीं होता है। इसलिए निवेशकों को रिस्क उठाने की क्षमता के आधार पर फंड का चयन करना चाहिए।