म्युचुअल फंड

Edelweiss MF ने उतारा पहला हाइब्रिड पैसिव इंडेक्स फंड, कम जोखिम में अच्छे रिटर्न की स्ट्रैटेजी

NFO (न्यू फंड ऑफर) 18 मार्च से शुरू होकर 1 अप्रैल 2026 तक खुला रहेगा। न्यूनतम सब्सक्रिप्शन राशि 100 रुपये है।

Published by
आशुतोष ओझा   
Last Updated- March 18, 2026 | 2:45 PM IST

Edelweiss Mutual Fund NFO Alert: म्युचुअल फंड हाउस एडलवाइस एसेट मैनेजमेंट कंपनी (Edelweiss AMC) ने भारत का पहला ऐसा हाइब्रिड पैसिव इंडेक्स फंड लॉन्च किया है, जिसमें इक्विटी और सरकारी बॉन्ड (G-Sec) दोनों में निवेश किया जाएगा। यह नया फंड एडलवाइस निफ्टी लार्जमिडकैप250 प्लस 8–13 वर्ष जी-सेक 70:30 इंडेक्स फंड (Edelweiss Nifty LargeMidcap250 Plus 8–13 yr G-Sec 70:30 Index Fund) है। इसका NFO (न्यू फंड ऑफर) 18 मार्च से शुरू होकर 1 अप्रैल 2026 तक खुला रहेगा।

Edelweiss Mutual Fund NFO: ₹100 न्यूनतम सब्सक्रिप्शन राशि

म्युचुअल फंड हाउस के मुताबिक, इस फंड में न्यूनतम सब्सक्रिप्शन राशि 100 रुपये है। इसके बाद 1 रुपये के मल्टीपल में निवेश किया जा सकता है। इस स्कीम का बेंचमार्क इंडेक्स Nifty LargeMidcap250 Plus 8-13 yr G-Sec 70:30 Index है। इस फंड में ​इक्विटी सेगमेंट को भावेश जैन और भारत लाहोटी, और डेट सेगमेंट को धवल दलाल और हेतुल रावल मैनेज करेंगे।

माना जा रहा है कि यह नया फंड भारत में निवेश के तरीके को बदल सकता है, क्योंकि इसमें पहली बार इक्विटी और सरकारी बॉन्ड को एक ही पैसिव फंड में जोड़ा गया है। यह फंड उन निवेशकों के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है जो संतुलित और अनुशासित निवेश करना चाहते हैं।

यह पढ़ें: HSBC MF की ETF सेगमेंट में एंट्री, लॉन्च किए Gold ETF और FoF; सेफ-हेवन एसेट्स की बढ़ती मांग पर नजर

Edelweiss Mutual Fund NFO: समझ लें निवेश का 70:30 फॉर्मूला

यह फंड 70:30 निवेश फॉर्मूले पर आधारित है। यह फंड एक तय नियम के तहत काम करेगा, जिसमें 70% निवेश इक्विटी (शेयर बाजार) में, और 30% निवेश सरकारी बॉन्ड (G-Sec) में होगा। इक्विटी हिस्सा निफ्टी लार्जमिडकैप250 इंडेक्स को ट्रैक करेगा, जबकि डेट हिस्सा निफ्टी 8–13 वर्ष जी-सेक इंडेक्स को फॉलो करेगा।

फंड हाउस का कहना है कि यह फंड शेयर बाजार की ग्रोथ और सरकारी बॉन्ड की स्थिरता- दोनों का फायदा एक साथ देने के लिए बनाया गया है। शेयर बाजार से लंबी अवधि में बढ़त का मौका मिलेगा। वहीं, सरकारी बॉन्ड से जोखिम कम करने में मदद रहेगी। हर महीने ऑटोमैटिक रीबैलेंसिंग से संतुलन बना रहेगा।

किसे करना चाहिए निवेश?

एडलवाइस एएमसी की एमडी और सीईओ राधिका गुप्ता ने कहा कि यह फंड निवेशकों के लिए एक सरल और नया समाधान है, जो लंबे समय से जरूरत था। उन्होंने कहा कि भारत में पैसिव फंड तेजी से बढ़ रहे हैं और यह नया हाइब्रिड फंड निवेशकों को बेहतर अनुभव दे सकता है।

इस फंड का निवेश 250 बड़ी और मिडकैप कंपनियों में निवेश होगा। इसके अलावा, इस स्कीम का पैसा 8 से 13 साल की अवधि वाले सरकारी बॉन्ड में भी पैसा लगाया जाएगा। यह पोर्टफोलियो शेयर बाजार और सुरक्षित निवेश का संतुलन बनाएगा

यह फंड उन निवेशकों के लिए है, जो लंबी अवधि में पैसा बढ़ाना चाहते हैं। साथ ही ऐसे निवेशक जो शेयर बाजार से जुड़ा जोखिम समझते हैं और थोड़ी स्थिरता भी चाहते हैं, उनके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है। हालांकि, यह फंड बहुत उच्च जोखिम (Very High Risk) कैटेगरी में आता है।

 


(डिस्क्लेमर: यहां NFO की जानकारी दी गई है। ये निवेश की सलाह नहीं है। म्युचुअल फंड में निवेश बाजार ज​ोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।) 

First Published : March 18, 2026 | 1:24 PM IST