म्युचुअल फंड

SIP में तेजी के बीच HDFC AMC और Nippon India AMC पर बुलिश हुए ब्रोकरेज, ₹3,170 तक के टारगेट

अप्रैल में SIP और लंपसम निवेश में तेजी के बीच म्युचुअल फंड इंडस्ट्री में मजबूत फ्लो देखने को मिला, जिससे AMC शेयरों को लेकर बाजार का भरोसा बढ़ा है

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- May 12, 2026 | 11:03 AM IST

अप्रैल 2026 में म्युचुअल फंड इंडस्ट्री में निवेशकों का भरोसा मजबूत बना रहा। शेयर बाजार में आई तेज रिकवरी और लगातार SIP निवेश की वजह से इक्विटी म्युचुअल फंड्स में जोरदार पैसा आया। नुवामा की रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल में एक्टिव इक्विटी फंड्स में कुल 46,900 करोड़ रुपये का निवेश आया, जो पिछले महीने के मुकाबले करीब 4 फीसदी ज्यादा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि एक तरफ SIP निवेश रिकॉर्ड स्तर के करीब बना हुआ है, वहीं दूसरी तरफ लंपसम निवेश में भी तेज वापसी देखने को मिली है। इससे साफ संकेत मिलता है कि निवेशकों का भरोसा अभी भी बाजार पर बना हुआ है।

बाजार की तेजी से बढ़ा AUM

अप्रैल में बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। निफ्टी करीब 7.5 फीसदी चढ़ा, जबकि मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में और भी बड़ी तेजी रही। इसी का असर म्युचुअल फंड इंडस्ट्री के कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) पर भी दिखा। एक्टिव इक्विटी AUM बढ़कर करीब 44.7 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले महीने के मुकाबले लगभग 11 फीसदी ज्यादा है।

SIP निवेश अब भी मजबूत

रिपोर्ट के मुताबिक SIP के जरिए निवेश करीब 31,100 करोड़ रुपये रहा। हालांकि इसमें हल्की गिरावट देखने को मिली, लेकिन यह अब भी रिकॉर्ड स्तर के करीब बना हुआ है। वहीं लंपसम निवेश करीब 20 फीसदी बढ़कर 15,800 करोड़ रुपये पहुंच गया। इससे संकेत मिलता है कि बाजार में सुधार के साथ निवेशकों की दिलचस्पी फिर बढ़ रही है।

किन कैटेगरी में आया सबसे ज्यादा पैसा?

अप्रैल में सबसे ज्यादा निवेश Large & Midcap फंड्स में आया। कुल निवेश का करीब 29 फीसदी हिस्सा इसी कैटेगरी में गया। इसके बाद Flexi Cap फंड्स में करीब 22 फीसदी और Smallcap फंड्स में लगभग 15 फीसदी निवेश आया। थीमैटिक फंड्स में भी निवेश जारी रहा, हालांकि इसकी हिस्सेदारी अपेाकृत कम रही।

HDFC AMC और Nippon India AMC सबसे आगे

नुवामा की रिपोर्ट में HDFC AMC और Nippon India AMC को लेकर अच्छा नजरिया देखने को मिला है। HDFC AMC में अप्रैल के दौरान करीब 6,930 करोड़ रुपये का नेट फ्लो आया। कंपनी की मार्केट हिस्सेदारी भी बढ़ी और यह पिछले पांच महीनों का सबसे मजबूत प्रदर्शन रहा। वहीं Nippon India AMC में करीब 5,470 करोड़ रुपये का नेट निवेश आया। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी की मजबूत रिटेल पहुंच और पैसिव फंड बिजनेस उसे आगे बढ़ने में मदद कर रहे हैं। नुवामा ने HDFC AMC पर BUY रेटिंग के साथ 3,170 रुपये और Nippon India AMC पर BUY रेटिंग के साथ 1,150 रुपये का टारगेट दिया है।

Aditya Birla Sun Life AMC की वापसी पर नजर

रिपोर्ट में Aditya Birla Sun Life AMC की रिकवरी को भी अहम बताया गया है। कंपनी अक्टूबर 2025 में लगातार आउटफ्लो झेल रही थी, लेकिन अब धीरे-धीरे स्थिति सुधरती दिख रही है। अप्रैल में कंपनी का नेट फ्लो बढ़कर 830 करोड़ रुपये पहुंच गया। विश्लेषकों का मानना है कि अगर यह सुधार जारी रहता है तो शेयर में दोबारा रेटिंग अपग्रेड देखने को मिल सकता है।

ICICI Prudential AMC का फ्लो घटा

अप्रैल में ICICI Prudential AMC का प्रदर्शन थोड़ा कमजोर रहा। कंपनी का नेट फ्लो करीब 43 फीसदी गिर गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि जनवरी में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी काफी मजबूत थी, लेकिन अप्रैल में इसमें बड़ी गिरावट देखने को मिली।

बीमा कंपनियों ने किन शेयरों में बढ़ाया निवेश?

अप्रैल में बीमा कंपनियों ने कुछ चुनिंदा शेयरों में बड़ी खरीदारी की। सबसे ज्यादा निवेश SBI, PB Fintech और TCS में किया गया। वहीं ABB India, Bikaji Foods, Abbott India और Hindalco Industries में हिस्सेदारी घटाई गई। Kotak Life Insurance ने Bharti Airtel, ICICI Bank और Infosys में निवेश बढ़ाया, जबकि Shriram Finance, HDFC Bank और Bharat Electronics में हिस्सेदारी कम की।

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : May 12, 2026 | 11:03 AM IST