म्युचुअल फंड

HDFC Defence Fund में SIP और STP पर ₹25,000 की लिमिट, निवेशकों के लिए क्या मायने?

यह बदलाव सिर्फ नए SIP और STP निवेशों पर लागू होगा। पहले से चल रहे SIP और STP में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा

Published by
अंशु   
Last Updated- May 04, 2026 | 4:25 PM IST

एचडीएफसी म्युचुअल फंड ने अपने डिफेंस फंड (HDFC Defence Fund) में सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए निवेश पर प्रति निवेशक 25,000 रुपये की सीमा तय कर दी है। यह नियम 4 मई से लागू हो गया है। इसके अलावा, फंड हाउस ने सिस्टमैटिक ट्रांसफर प्लान (STP) के तहत नए रजिस्ट्रेशन की अनुमति केवल मंथली आधार पर दी है, और इसमें भी 25,000 रुपये की ही लिमिट रखी गई है। यह बदलाव सिर्फ नए SIP और STP निवेशों पर लागू होगा। पहले से चल रहे SIP और STP में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

रिडेम्पशन पर कोई पाबंदी नहीं

फंड हाउस के मुताबिक, रिडेम्पशन यानी पैसा निकालने पर कोई रोक नहीं है। हालांकि, पहले से लागू अन्य पाबंदियां जारी रहेंगी। जैसे:

(i) नए एकमुश्त (lump-sum) निवेश, जिसमें स्विच-इन भी शामिल हैं, फिलहाल बंद रहेंगे।

(ii) मौजूदा सिस्टमेटिक निवेश (SIP/STP) बिना किसी बदलाव के जारी रहेंगे।

(iii) रिडेम्पशन, स्विच-आउट और STP-आउट पर किसी भी तरह की कोई पाबंदी नहीं होगी।

Also Read: Kotak MF ने SIF स्ट्रैटेजी को दी रफ्तार, कल्पेश जैन को बनाया फंड मैनेजर; ‘Infinity’ ब्रांड के तहत आएगी स्कीम

निवेशकों के लिए इस बदलाव के मायने

SIP पर सीमा लगाना और एकमुश्त (lump-sum) निवेश पर पाबंदी जारी रखना इस बात का संकेत है कि फंड में आने वाले नए पैसे को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। ऐसे कदम आमतौर पर फंड हाउस द्वारा फंड के आकार, लिक्विडिटी या सेक्टर-आधारित स्कीम में पोर्टफोलियो के अत्यधिक केंद्रीकरण को मैनेज करने के लिए उठाए जाते हैं।
सीमित SIP और STP निवेश की अनुमति देने, जबकि रिडेम्पशन को खुला रखने से यह सुनिश्चित होता है कि मौजूदा निवेशक बिना किसी बाधा के अपना निवेश जारी रख सकें और जरूरत पड़ने पर आसानी से बाहर भी निकल सकें।

HDFC Defence Fund की डिटेल

एचडीएफसी डिफेंस फंड एक ओपन-एंडेड इक्विटी थीमैटिक फंड है, जो मुख्य रूप से डिफेंस और उससे जुड़े (एलाइड) सेक्टर की कंपनियों में निवेश करती है। इस फंड में निवेशक मिनिमम ₹100 से निवेश शुरू कर सकते हैं। इस स्कीम में SIP करने की भी सुविधा है। SIP के लिए भी मिनिमम निवेश ₹100 है। इस फंड का बेंचमार्क निफ्टी इंडिया डिफेंस टोटल रिटर्न इंडेक्स है।

30 अप्रैल 2026 तक, इस फंड के रेगुलर प्लान का एक्सपेंस रेश्यो 1.74% और डायरेक्ट प्लान का 0.78% है। फंड में कोई लॉक-इन पीरियड नहीं है। हालांकि, 1 साल के भीतर रिडेम्पशन (निकासी) पर 1% का शुल्क लिया जाएगा। रिस्कोमीटर पर इस स्कीम को बहुत ज्यादा जोखिम (very high risk) की कैटेगरी में रखा गया है। प्रिया रंजन और राहुल बैजल इस स्कीम के फंड मैनेजर है।

Also Read: Gold Investment का क्रेज बढ़ा: 2025 में खपत का 40% हिस्सा निवेश का, भारत में उभरा नया ट्रेंड

निवेशकों को मिला 40% तक रिटर्न

एचडीएफसी डिफेंस फंड ने 2 जून 2023 को म्युचुअल फंड बाजार में कदम रखा था। वैल्यू रिसर्च पर उपलब्ध डेटा के मुताबिक, अपनी शुरुआत से इस स्कीम ने अब तक 39.98% तक का रिटर्न दिया है। वहीं, पिछले 2 साल में फंड ने 19.05% और एक साल में 27.10% का रिटर्न दिया है। फंड का SIP रिटर्न भी लगभग 20% के आस-पास रहा है।

First Published : May 4, 2026 | 4:25 PM IST