म्युचुअल फंड

Kotak MF ने SIF स्ट्रैटेजी को दी रफ्तार, कल्पेश जैन को बनाया फंड मैनेजर; ‘Infinity’ ब्रांड के तहत आएगी स्कीम

कल्पेश के पास 18 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने फंड मैनेजमेंट, वेल्थ एडवाइजरी और कैपिटल मार्केट जैसे क्षेत्रों में काम किया है

Published by
अंशु   
Last Updated- April 29, 2026 | 6:40 PM IST

कोटक म्युचुअल फंड ने बुधवार को स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड्स (SIF) सेगमेंट में अपनी आगामी योजनाओं को संभालने के लिए कल्पेश जैन (Kalpesh Jain) को फंड मैनेजर नियुक्त करने की घोषणा की। फंड हाउस ‘इन्फिनिटी’ ब्रांड के तहत अपनी पहली SIF स्कीम लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसका नाम ‘इन्फिनिटी हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड’ रखा गया है। कंपनी के अनुसार, SIF कैटेगरी का मकसद अनुभवी और समझदार निवेशकों को ज्यादा लचीली और अलग-अलग निवेश रणनीतियां उपलब्ध कराना है।

SIF से नई रणनीतियों को बढ़ावा

कोटक महिंद्रा एएमसी के मैनेजिंग डायरेक्टर नीलेश शाह ने कहा कि SIF कैटेगरी से नई और अलग निवेश रणनीतियां पेश करने का मौका मिला है। ये रणनीतियां मजबूत निवेश प्रक्रिया और सख्त जोखिम प्रबंधन पर आधारित होंगी।

उन्होंने कहा कि कल्पेश को अलग-अलग बाजार स्थितियों का अच्छा अनुभव है। वे जोखिम को ध्यान में रखकर पोर्टफोलियो बनाते हैं। उनका यह नजरिया कोटक म्यूचुअल फंड की रणनीति के साथ अच्छी तरह मेल खाता है, जो मजबूत और लक्ष्य-आधारित पोर्टफोलियो बनाने पर फोकस करती है।

Also Read: Quant MF ने उतारा नया SIF, सेक्टर रोटेशन स्ट्रैटेजी पर फोकस; किसे करना चाहिए निवेश?

रिसर्च और रिस्क मैनेजमेंट पर फोकस

कल्पेश जैन ने कहा, “कोटक म्युचुअल फंड ने एक मजबूत निवेश संस्कृति विकसित की है, जिसे एक सशक्त इक्विटी प्लेटफॉर्म का समर्थन प्राप्त है। मैं कंपनी की स्पेशलाइज्ड निवेश क्षमताओं में योगदान देने को उत्सुक हूं।”

उन्होंने कहा कि वे रिसर्च के आधार पर निवेश करेंगे। उनका फोकस ऐसा पोर्टफोलियो बनाने पर होगा जिसमें जोखिम को ध्यान में रखा जाए। साथ ही, वे समझदारी से जोखिम मैनेजमेंट करेंगे और लंबे समय में पैसा बढ़ाने पर ध्यान देंगे।

क्यों कल्पेश जैन को बनाया फंड मैनेजर?

कल्पेश के पास 18 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने फंड मैनेजमेंट, वेल्थ एडवाइजरी और कैपिटल मार्केट जैसे क्षेत्रों में काम किया है। नई जिम्मेदारी में वे स्पेशल निवेश रणनीतियों को संभालेंगे और कोटक महिंद्रा एएमसी के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर हर्षा उपाध्याय को रिपोर्ट करेंगे।

अपने करियर के दौरान जैन ने जोखिम को ध्यान में रखते हुए पोर्टफोलियो बनाने और लॉन्ग-शॉर्ट रणनीतियों पर व्यापक काम किया है। उनका फोकस अनुशासित तरीके से स्टॉक्स चुनने और अलग-अलग बाजार परिस्थितियों में एक्टिव रूप से रिस्क मैनेजमेंट पर रहा है। उनकी निवेश शैली पूंजी को सुरक्षित रखने और लगातार स्थिर रिटर्न देने पर जोर देती है, जिसे मजबूत फंडामेंटल और डेरिवेटिव्स रिसर्च का समर्थन मिलता है।

Also Read: SIF बाजार में आने को तैयार फंडों की नई कतार, AUM ₹10,000 करोड़ के पार पहुंचा

SIF AUM ₹10,600 करोड़ के पार

स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड (SIF) की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। पहला SIF सितंबर 2025 में क्वांट म्युचुअल फंड ने शुरू किया था। तब से 11 और फंड हाउस इस सेगमेंट में उतर चुके हैं। 31 मार्च 2026 तक, इस सेगमेंट में योजनाओं की कुल संख्या 14 थी। इस सेगमेंट में कुल 44,573 फोलियो हैं। पिछले महीने तक SIF का कुल एसेट अंडर मैनजमेंट (AUM) 10,620 करोड़ रुपये से ज्यादा था।

SIF क्या है?

स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड (SIFs) म्युचुअल फंड फ्रेमवर्क के भीतर एक नया प्रोडक्ट सेगमेंट हैं, जो फंड मैनेजरों को निवेश स्ट्रैटेजी के मामले में ज्यादा छूट (flexibility) प्रदान करता है। इन फंडों का मिनिमम निवेश टिकट साइज 10 लाख रुपये है और इनका ढांचा इक्विटी, डेट या हाइब्रिड हो सकता है।


(डिस्क्लोजर : बिजनेस स्टैंडर्ड प्राइवेट लिमिटेड में कोटक परिवार की नियंत्रण वाली संस्थाओं की बहुलांश हिस्सेदारी है।)

First Published : April 29, 2026 | 6:40 PM IST