म्युचुअल फंड

Nippon India ETF Gold BeES दुनिया के टॉप 10 ETF में शामिल, भारत का इकलौता फंड

इस फंड में 1.08 अरब डॉलर का निवेश (इनफ्लो) आया, जो करीब 6.6 टन सोने की मांग के बराबर है

Published by
अंशु   
Last Updated- March 25, 2026 | 4:39 PM IST

निप्पॉन इंडिया म्युचुअल फंड ने बुधवार को एक अहम जानकारी साझा की। कंपनी के प्रमुख गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड, Nippon India ETF Gold BeES ने वैश्विक स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। फंड फ्लो के आधार पर, यह दुनिया के टॉप 10 गोल्ड ईटीएफ (Gold ETFs) में छठे स्थान पर पहुंच गया है। यह रैंकिंग वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) के ताजा आंकड़ों के अनुसार जारी की गई है।

कितना आया निवेश?

इस फंड में 1.08 अरब डॉलर का निवेश (इनफ्लो) आया, जो करीब 6.6 टन सोने की मांग के बराबर है। इससे यह दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड ETF इनफ्लो में शामिल हो गया है। यह प्रोडक्ट ग्लोबल टॉप 10 में शामिल होने वाला भारत का एकमात्र गोल्ड ETF है, जो यह दिखाता है कि भारतीय निवेशक अब रेगुलेटेड गोल्ड निवेश विकल्पों में तेजी से भागीदारी बढ़ा रहे हैं।

Also Read: महिला निवेशकों का दम: 2021 से डीमैट खातों में 129% उछाल; SIP के जरिये 33% निवेश

दुनिया में कैसी रही सोने की मांग?

वैश्विक स्तर पर गोल्ड ETF में इस दौरान मजबूत मांग देखी गई, जिसका कारण आर्थिक अनिश्चितता और पोर्टफोलियो में डाइवर्सिफिकेशन की जरूरत रही।

WGC, ब्लूमबर्ग और कंपनियों के फाइलिंग डेटा के अनुसार, दुनिया के टॉप-15 गोल्ड ETF में कुल 42.86 अरब डॉलर का निवेश आया। इससे करीब 301.3 टन सोने की मांग पैदा हुई, जो इस सेगमेंट में निवेशकों की मजबूत रुचि को दर्शाता है।

गोल्ड निवेश में भारत की बढ़ती मौजूदगी

फंड फ्लो के आधार पर, ग्लोबल टॉप-10 गोल्ड ETF में Nippon India ETF Gold BeES भारत का एकमात्र प्रतिनिधि बनकर उभरा है। यह न सिर्फ इस प्रोडक्ट के आकार को दिखाता है, बल्कि भारत में ETF के जरिए सोने में निवेश की बढ़ती लोकप्रियता को भी दर्शाता है। करीब 36.2 टन सोने की होल्डिंग के साथ, इस ETF ने ग्लोबल ETF डिमांड में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह उन निवेशकों के लिए पसंदीदा विकल्प बना हुआ है, जो सोने में पारदर्शी, लिक्विड और कम लागत वाला निवेश चाहते हैं।

फंड हाउस ने कहा कि ग्लोबल रैंकिंग में यह ETF अमेरिका और चीन के कई बड़े और स्थापित गोल्ड ETF के साथ शामिल है, जो यह दर्शाता है कि कमोडिटी निवेश के ग्लोबल इनफ्लो में भारत की अहमियत लगातार बढ़ रही है।

Also Read: गिरते बाजार में क्या करें? मुंबई के डब्बावालों से सीखें निवेश का फॉर्मूला, ऐसे बनती है दौलत

भारत में ETF इकोसिस्टम को मिल रही मजबूती

फंड हाउस ने कहा कि Nippon India ETF Gold BeES में मजबूत इनफ्लो यह भी दिखाता है कि भारत का ETF इकोसिस्टम तेजी से बढ़ रहा है। अब निवेशक डाइवर्सिफिकेशन और पोर्टफोलियो को स्थिर रखने के लिए एक्सचेंज ट्रेडेड प्रोडक्ट्स की ओर रुख कर रहे हैं।

गोल्ड ETF की लोकप्रियता भी बढ़ी है, क्योंकि निवेशकों को बिना फिजिकल सोना रखने की झंझट के सोने में निवेश का आसान तरीका मिलता है। साथ ही, उन्हें एक्सचेंज पर लिक्विडिटी और नियामकीय निगरानी (रेगुलेटरी ओवरसाइट) का फायदा भी मिलता है।

First Published : March 25, 2026 | 4:39 PM IST