Photo: UTI MF Website
UTI Mutual Fund Launches Wealth 360: राहुल ने बेहतर रिटर्न की उम्मीद में अपने पैसे को म्युचुअल फंड, शेयर, बैंक एफडी, NPS और कई दूसरे फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स में निवेश किया। लेकिन समय के साथ एक नई परेशानी सामने आने लगी। हर निवेश का रिकॉर्ड अलग-अलग ऐप्स और प्लेटफॉर्म्स पर बिखरा हुआ था। कभी बैंक का ऐप खोलना पड़ता, तो कभी ब्रोकिंग अकाउंट, और कभी म्युचुअल फंड पोर्टल। ऐसे में अपनी कुल संपत्ति, निवेश और रिटर्न की सही तस्वीर एक साथ देख पाना मुश्किल और काफी समय लेने वाला काम बन गया। डिजिटल दौर में आज लाखों निवेशक इसी चुनौती का सामना कर रहे हैं। इसी को आसान बनाने के लिए UTI Mutual Fund ने ‘Wealth 360’ नामक एक नए डिजिटल फीचर की शुरुआत की है। यह फीचर UTI MF ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगा, जिसके जरिए यूजर्स अलग-अलग फाइनेंशियल इंस्टिस्टयूशन में फैले अपने कुल निवेश और एसेट को सुरक्षित तरीके से एक ही यूनिफाइड डैशबोर्ड पर देख और ट्रैक कर सकेंगे।
फंड हाउस ने एक बयान में कहा कि जैसे-जैसे निवेशक तरह-तरह के फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स और प्लेटफॉर्म्स में अपने निवेश फैलाते हैं, वैसे-वैसे कुल एसेट (overall wealth) को ट्रैक करना ज्यादा बिखरा हुआ और समय लेने वाला बन जाता है। ‘Wealth 360’ को इस अनुभव को आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है, ताकि बैंकों, म्युचुअल फंड्स, स्टॉक ब्रोकिंग अकाउंट्स और अन्य फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स में फैले निवेश और डिपॉजिट्स को एक ही जगह पर देखा जा सके।
यह फीचर पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध है और इसे मौजूदा तथा नए दोनों तरह के यूजर्स UTI MF ऐप और वेबसाइट के जरिए इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए किसी अलग वेल्थ ट्रैकिंग एप्लिकेशन की जरूरत नहीं होगी।
Also Read: आपकी SIP कैसे रुपये को कर रही है कमजोर? Jefferies ने बताई इसकी कड़वी सच्चाई
AMC ने ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया को आसान और सहज बनाने का दावा किया है। यूजर्स अपने मौजूदा लॉग-इन क्रेडेंशियल्स के जरिए UTI Mutual Fund प्लेटफॉर्म पर लॉग-इन कर सकते हैं या PAN आधारित रजिस्ट्रेशन के माध्यम से नया अकाउंट बना सकते हैं। लॉग-इन के बाद, यूजर्स अकाउंट एग्रीगेटर इकोसिस्टम द्वारा इनेबल सहमति-आधारित प्रक्रिया के जरिए पात्र अकाउंट्स को सुरक्षित रूप से लिंक कर सकते हैं।
UTI Mutual Fund के ग्रुप प्रेसिडेंट और CFO विनय लखोटिया ने कहा, “आज निवेशक खुद को केवल एक निवेश उत्पाद, एक बैंक खाते या एक वित्तीय संस्थान तक सीमित नहीं रखते। जैसे-जैसे वेल्थ क्रिएशन ज्यादा डायवर्स होता जा रहा है, वैसे-वैसे अपनी पूरी वित्तीय स्थिति को एक ही जगह सरल और भरोसेमंद तरीके से देखने की जरूरत भी बढ़ रही है। इसी जरूरत को पूरा करने के लिए ‘Wealth 360’ तैयार किया गया है, जिससे यूजर्स एक विश्वसनीय प्लेटफॉर्म पर अपनी सभी होल्डिंग्स का कंसोलिडेटेड व्यू देख सकेंगे।”
यह फीचर फिनार्केइन (Finarkein) के सहयोग से और सहमती (Sahamati) के नेतृत्व वाले अकाउंट एग्रीगेटर इकोसिस्टम के तहत शुरू किया गया है। यह प्लेटफॉर्म यूजर्स को सेविंग अकाउंट, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD), रिकरिंग डिपॉजिट (RD), म्युचुअल फंड निवेश, स्टॉक्स, ETFs और NPS होल्डिंग्स सहित कई तरह के फाइनेंशियल एसेट्स को देखने और ट्रैक करने की सुविधा देता है। फिलहाल यह फीचर अकाउंट एग्रीगेटर इकोसिस्टम के भीतर बैंकों, डिपॉजिटरीज, RTAs, NPS और इंश्योरेंस प्रोवाइडर्स को लिंक करने का समर्थन करता है।
कुल वेल्थ का कंसोलिडेटेड व्यू देने के अलावा, यह प्लेटफॉर्म ट्रांजैक्शन-लेवल इनसाइट्स भी उपलब्ध कराता है, जिससे यूजर्स अपने खर्च करने के पैटर्न को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं, निवेश पर नजर रख सकते हैं और अपनी कुल नेटवर्थ को ट्रैक कर सकते हैं। यूजर्स को उनकी वित्तीय स्थिति की ताजा जानकारी देने के लिए डैशबोर्ड को हर दिन अपडेट किया जाता है।
Also Read: म्युचुअल फंड में महिला निवेशकों का AUM FY26 में ₹11 लाख करोड़ के पार, SIP में 29% हिस्सेदारी
RBI द्वारा रेगुलेटेड अकाउंट एग्रीगेटर फ्रेमवर्क पर आधारित ‘Wealth 360’ सुरक्षित और सहमति-आधारित तरीके से विभिन्न रेगुलेटेड वित्तीय संस्थानों के बीच वित्तीय जानकारी साझा करने की सुविधा देता है। यूजर्स अपने डेटा पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखते हैं और यह तय कर सकते हैं कि वे कौन-से अकाउंट लिंक करना चाहते हैं। वित्तीय जानकारी प्राप्त करने की सहमति एक वर्ष तक मान्य रहती है और ग्राहक इसे किसी भी समय वापस ले सकते हैं। एन्क्रिप्टेड जानकारी केवल ग्राहक को ही दिखाई देती है और UTI Mutual Fund को इसकी पहुंच नहीं होती।