वन 97 कम्युनिकेशंस (पेटीएम) का शेयर सोमवार को 6.4 फीसदी से ज्यादा लुढ़क गया जब प्रवर्तन निदेशालय ने चीन की इकाइयों की तरफ से नियंत्रित लेंडिंग ऐप्स में अनियमितता के चलते उसके कार्यालयों में तलाशी अभियान चलाया। कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी का शेयर 681.2 रुपये के निचले स्तर तक लुढ़क गया था लेकिन अंत में 2.6 फीसदी की नरमी के साथ 708.60 रुपये पर बंद हुआ। इसकी तुलना में बेंचमार्क सेंसेक्स में 0.8 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई। एक बयान में पेटीएम ने कहा, कंपनी प्रवर्तन एजेंसियों की मदद कर रही है, जो खास मर्चेंट्स की जांच कर रहे हैं। पेटीएम का शेयर एक्सचेंजों में सूुचीबद्धता के बाद से ही मुश्किलों का सामना कर रहा है और यह आईपीओ कीमत से काफी नीचे आ चुका है।
तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक को पहले दिन मिले 0.8 गुना आवेदन
तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक (टीएमबी) के आईपीओ को पहले दिन सोमवार को करीब 0.8 गुना आवेदन मिले। अभी तक ज्यादातर बोली खुदरा व संस्थागत निवेशकों से मिली है। शुक्रवार को बैंक ने 510 रुपये प्रति शेयर भाव पर एंकर निवेशकों को शेयर आवंटित कर 363 करोड़ रुपये जुटाए थे। इस आईपीओ का कीमत दायरा 500 से 525 रुपये प्रति शेयर है। बैंक इस आईपीओ में 1.58 करोड़ नए शेयर जारी कर रहा है। कीमत दायरे के ऊपरी स्तर पर बैंक 832 करोड़ रुपये जुटा लेगा और उसका मूल्यांकन 8,314 करोड़ रुपये होगा।
ब्लू जेट हेल्थकेयर ने जमा कराया आईपीओ आवेदन
मुंबई की स्पेशियलिटी फार्मास्टुकिल कंपनी ब्लू जेट हेल्थकेयर ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम के लिए बाजार नियामक सेबी के पास विवरणिका का मसौदा (डीआरएचपी) जमा कराया है। इस आईपीओ में प्रवर्तकों की तरफ से 2.17 करोड़ शेयरों की द्वितीयक बिक्री होगी। ब्लू जेट इस आईपीओ में कोई नया शेयर जारी नहीं करेगी। बाजार के सूत्रों ने कहा कि आईपीओ का आकार 1,800 करोड़ रुपये से लेकर 2,100 करोड़ रुपये तक हो सकता है। 1968 में गठित ब्लू जेट स्पेशियलिटी फार्मा व हेल्थकेयर इनग्रेडिएंट निर्माता है, जो दवा कंपनियों को उम्दा उत्पादों की पेशकश करती है।
वर्डे पार्टनर्स से आर पावर व सहायक जुटाएगी 1,200 करोड़ रुपये
रिलायंस पावर और उसकी सहायक ने 1,200 करोड़ रुपये का कर्ज जुटाने के लिए निवेश फर्म वर्डे पार्टनर्स के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी। रिलायंस पावर ने कहा कि इस कर्ज का इस्तेमाल कुछ निश्चित वित्तीय प्रतिभूतियों के निपटान, भुगतान और पुनर्गठन में किया जाएगा। कंपनी ने कहा, यह कर्ज बाध्यकारी दस्तावेजों के क्रियान्वयन और जरूरी नियामकीय मंजूरी पर निर्भर करेगा। इस घोषणा के बाद सोमवार को कंपनी का शेयर बीएसई पर अपर सर्किट को छू गया।