बाजार

AC से TV तक गर्मियों में प्रीमियम प्रोडक्ट्स की डिमांड बूम पर, इन 4 स्टॉक्स में ₹1725 तक का टारगेट

बदल रही खरीदारी की आदतें, EMI के सहारे बढ़ी प्रीमियम प्रोडक्ट्स की मांग; AC, TV और वॉशिंग मशीन सेगमेंट में दिख रहा सबसे ज्यादा उछाल, ब्रोकरेज ने चुनें 4 पसंदीदा शेयर

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- April 21, 2026 | 11:29 AM IST

Consumer Durables Stock: गर्मी बढ़ते ही घर-घर में कूलिंग प्रोडक्ट्स की मांग अचानक तेज हो जाती है, लेकिन इस बार कहानी थोड़ी अलग है। बाजार में हलचल तो है, दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही भी बढ़ी है, लेकिन खरीदारी का पैटर्न बदल चुका है। अब लोग सिर्फ जरूरत के हिसाब से सामान नहीं ले रहे, बल्कि बेहतर फीचर्स, बड़े साइज और प्रीमियम प्रोडक्ट्स की तरफ झुकाव दिखा रहे हैं। दिलचस्प बात ये है कि यह बदलाव सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में भी दिखने लगा है। हालांकि कुल मांग में सुधार जरूर हो रहा है, लेकिन यह हर कैटेगरी में एक जैसा नहीं है। कहीं तेजी है तो कहीं सुस्ती, और इस पूरे बदलाव के पीछे सबसे बड़ा हाथ आसान फाइनेंसिंग और EMI का है, जिसने महंगे प्रोडक्ट्स को भी आम ग्राहक की पहुंच में ला दिया है।

एसी बना बाजार का सबसे बड़ा सहारा

एयर कंडीशनर इस समय पूरे कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर का सबसे मजबूत ड्राइवर बनकर उभरा है। पिछले साल की कमजोर बिक्री के बाद इस साल अप्रैल में इसमें जोरदार वापसी देखने को मिली है और बिक्री में करीब 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आने वाले महीनों में इसमें और तेजी की उम्मीद है। कीमतों में 7 से 9 प्रतिशत तक बढ़ोतरी के बावजूद मांग पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है। प्रीमियम सेगमेंट में LG, Blue Star और Daikin का दबदबा है, जबकि Voltas कम कीमत के कारण वैल्यू सेगमेंट में मजबूत बना हुआ है। EMI के चलते ग्राहक अब छोटे साइज के बजाय बड़े और ज्यादा क्षमता वाले एसी खरीदने लगे हैं।

फ्रिज और वॉशिंग मशीन में प्रीमियम की ओर झुकाव

रेफ्रिजरेटर की मांग अभी भी थोड़ी धीमी है, जिसकी बड़ी वजह इसका लंबा रिप्लेसमेंट साइकल है। साथ ही क्विक कॉमर्स के बढ़ते इस्तेमाल से घरों में ज्यादा स्टॉक रखने की जरूरत भी कम हुई है। इसके बावजूद प्रीमियम कैटेगरी जैसे फ्रॉस्ट-फ्री और साइड-बाय-साइड फ्रिज की बिक्री बढ़ रही है। वहीं वॉशिंग मशीन सेगमेंट में करीब 15 प्रतिशत की ग्रोथ देखने को मिल रही है, भले ही कीमतों में 10 से 12 प्रतिशत तक इजाफा हुआ हो। धीरे-धीरे ग्राहक टॉप-लोड से हटकर फ्रंट-लोड मशीन की तरफ बढ़ रहे हैं, जिसमें LG और Haier जैसे ब्रांड तेजी से अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं।

यह पढ़ें: दमदार Q4 के बाद 7% चढ़ा हाउसिंग फाइनेंस कंपनी का शेयर, ब्रोकरेज ने दिया ₹1,160 का टारगेट

पंखों की रफ्तार सुस्त, नई तकनीक में उम्मीद

फैन मार्केट में तस्वीर उतनी उत्साहजनक नहीं है। पारंपरिक फिक्स्ड स्पीड पंखों की मांग लगभग स्थिर हो चुकी है और इसमें ग्रोथ के मौके सीमित हैं। हालांकि BLDC यानी कम बिजली खपत वाले और डिजाइनर पंखों में अच्छी मांग देखने को मिल रही है। इस सेगमेंट में Atomberg जैसे ब्रांड आगे हैं, लेकिन कुल मिलाकर यह कैटेगरी अभी भी धीमी रफ्तार से बढ़ रही है।

टीवी में बड़े स्क्रीन की बढ़ती मांग

टीवी सेगमेंट में हाल के महीनों में बड़े इवेंट्स के चलते जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी, लेकिन अब मांग सामान्य हो रही है। इसके बावजूद एक बड़ा बदलाव यह है कि ग्राहक अब बड़े स्क्रीन वाले टीवी की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। 55 इंच और उससे बड़े टीवी की हिस्सेदारी बढ़ रही है। Sony, LG और Samsung जैसे ब्रांडों पर ग्राहकों का भरोसा बना हुआ है, जबकि सस्ती कीमत देने के बावजूद नए ब्रांड उतना प्रभाव नहीं बना पा रहे हैं।

किचन अप्लायंसेज में स्थिर बढ़त

किचन अप्लायंसेज में मांग स्थिर बनी हुई है, लेकिन कुछ कैटेगरी में अचानक उछाल भी देखने को मिला है। खासकर इंडक्शन कुकटॉप की मांग LPG की कमी के चलते कई गुना बढ़ गई थी, जो अब सामान्य स्तर से ऊपर बनी हुई है। प्रेशर कुकर और अन्य उपकरणों में भी धीरे-धीरे ग्रोथ जारी है। इस सेगमेंट में TTK Prestige का दबदबा कायम है।

यह पढ़ें: 47% तक रिटर्न! 12 महीनों के लिए ब्रोकरेज ने 7 दमदार स्टॉक्स पर दी BUY की सलाह

EMI बना खरीदारी का सबसे बड़ा हथियार

पूरे बाजार में सबसे बड़ा बदलाव फाइनेंसिंग के रूप में सामने आया है। अब 40 से 65 प्रतिशत तक खरीदारी EMI या कैशबैक ऑफर्स के जरिए हो रही है। इससे ग्राहकों को महंगे प्रोडक्ट खरीदना आसान लग रहा है। चाहे एसी का बड़ा साइज हो, टीवी का बड़ा स्क्रीन या फ्रिज और वॉशिंग मशीन का प्रीमियम मॉडल, EMI ने अपग्रेड को आसान बना दिया है। कई मामलों में तो EMI का फर्क इतना कम होता है कि ग्राहक बिना ज्यादा सोचे महंगे विकल्प चुन लेते हैं।

Consumer Durables Stock: निवेश पर नजर: किन कंपनियों पर भरोसा

इस पूरे माहौल के बीच ब्रोकरेज हाउस एंटीक का मानना है कि Consumer Durables सेक्टर में रिकवरी जारी रहेगी और खासतौर पर कूलिंग प्रोडक्ट्स इसमें अहम भूमिका निभाएंगे। मजबूत ब्रांड, बेहतर डिस्ट्रीब्यूशन और अच्छी आफ्टर सेल्स सर्विस देने वाली कंपनियां आगे बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं। इसी आधार पर LG Electronics, Havells, Crompton और Eureka Forbes पर खरीदारी की सलाह दी गई है, जबकि Blue Star, Voltas और Bajaj Electricals को फिलहाल होल्ड करने की सलाह है।

कंपनी का नाम रेटिंग टारगेट प्राइस (रुपये)
LG Electronics BUY 1725
Havells BUY 1703
Crompton BUY 326
Eureka Forbes BUY 652
Blue Star HOLD 1778
Voltas HOLD 1371
Bajaj Electricals HOLD 389

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : April 21, 2026 | 11:29 AM IST